Move to Jagran APP

दिल्ली में महिला पत्रकार को नकाबपोश बदमाशों ने मारी गोली, मचा हड़कंप

वारदात के बाद कार सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। जख्मी हालत में पत्रकार मिताली चंदोला को धर्मशिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने पति पर हमला करवाने का शक जाहिर किया है।

By Edited By: Published: Sun, 23 Jun 2019 09:43 PM (IST)Updated: Mon, 24 Jun 2019 07:58 AM (IST)
दिल्ली में महिला पत्रकार को नकाबपोश बदमाशों ने मारी गोली, मचा हड़कंप
दिल्ली में महिला पत्रकार को नकाबपोश बदमाशों ने मारी गोली, मचा हड़कंप

नई दिल्ली, जेएनएन। पूर्वी दिल्ली न्यू अशोक नगर इलाके में शनिवार देर रात बदमाशों ने एक महिला पत्रकार की कार पर गोलियां चला दीं। एक गोली महिला के हाथ में लगी। वारदात के बाद कार सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। जख्मी हालत में पत्रकार मिताली चंदोला (38) को धर्मशिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने पति पर हमला करवाने का शक जाहिर किया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

loksabha election banner

पुलिस के अनुसार, मिताली अल्फा-2, ग्रेटर नोएडा में रहती हैं। परिवार में पति दलजीत और दो बच्चे हैं। मिताली दस वर्षों से पति से अलग रह रही हैं। बच्चे देहरादून में नाना-नानी के पास रहते हैं। वह कई मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को मिताली आइ-20 कार से मयूर विहार इलाके में एक पार्टी में आई थीं। रात 12:00 बजे कार से ग्रेटर नोएडा जा रही थीं। जब वह न्यू अशोक नगर में धर्मशिला अस्पताल के पास पहुंची, तभी पीछे से एक कार ने ओवरटेक कर उनकी कार रुकवा दी। कार से उतरने के बाद बदमाशों ने मिताली की कार पर सामने से गोलियां चला दीं। कार के आगे के शीशे में दो गोलियां लगीं। एक गोली मिताली के दाहिने हाथ के आर-पार हो गई। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

पीड़िता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को घटना स्थल से महिला की कार के पास से एक पॉलीथिन में अंडे रखे मिले हैं। इससे शुरुआत में लूटपाट के लिए गोली चलाने का अंदेशा हुआ, लेकिन मिताली के बयानों से यह आशंका खत्म हो गई। पुलिस की मानें तो मिताली ने कई बार अपना बयान बदला। उन्होंने पति दलजीत पर हमला कराने की आशंका जताई है। रविवार को मिताली को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस को जांच में पता चला है कि मिताली का अपने पति से कई वर्षों से विवाद चल रहा है। उन्होंने पति के खिलाफ ग्रेटर नोएडा में कई मुकदमे दर्ज करवा रखे हैं।

पिछले वर्ष भी हुआ था हमला
पुलिस अधिकारी के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि 2018 में भी उनपर हमला हुआ था, उस वक्त भी वह कार से कहीं जा रही थीं। उन्होंने उस समय भी अपने पति पर हमले का शक जाहिर किया था। पत्रकार की कार पर पुलिस का स्टीकर पुलिस अधिकारी ने बताया कि पत्रकार की कार पर दिल्ली पुलिस का स्टीकर लगा था। कार में पुलिस की डायरी भी रखी थी। एक फाइल भी मिली है। पीड़िता के बार-बार बयान बदलने के कारण पुलिस भी उस पर शक कर रही है। पत्रकार की कार के आगे के शीशे पर दो गोलियां लगी हैं। पुलिस का मानना है कि गोलियां शीशे के पार करने के बाद पत्रकार के सीने पर लगतीं, लेकिन इस मामले में हाथ में लगी है। पुलिस के मुताबिक, गोलियां बहुत करीब से मारी गई हैं।

जसमीत सिंह (जिला पुलिस उपायुक्त पूर्वी) का कहना है कि  महिला पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।    

दिल्ली महिला पत्रकार व पति के बीच चल रहा है दस साल से विवाद
ग्रेटर नोएडा के अल्फा एक सेक्टर में रहने वाली महिला पत्रकार मिताली चंदोला व उनके पति दलजीत के बीच दस साल से विवाद चल रहा है। मिताली 2010 से लेकर अब तक बीटा दो कोतवाली में पति व उसके परिजन के खिलाफ नौ मुकदमे दर्ज करा चुकी हैं। चार महीने पहले भी मिताली ने पति व उसके परिजन पर एसिड अटैक का मुकदमा दर्ज कराया था। उसकी कार पर गोली भी चलाई गई थी। पुलिस ने उस मुकदमे में आरोपित पति दलजीत को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने उसे जेल भेजा था। पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद में पति कई बार जेल जा चुका है। विवाद के कारण पति-पत्नी अलग रहते हैं।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.