Delhi Narela Fire: दिल्ली के नरेला स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश जारी, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
Delhi Narela Fire दिल्ली में आग की घटनाओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। नरेला औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में शनिवार रात अचानक आग लग गई। 23 से ज्यादा दमकल विभाग की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।
नई दिल्ली, एएनआई: उत्तरी दिल्ली के नरेला में शनिवार रात एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक यह आग एक प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी है। घटना की सूचना के बाद दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे हैं। जहां लगातार आग बुझाने का काम जारी है। दिल्ली दमकल सेवा के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक किसी के भी व्यक्ति के फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की सूचना नहीं दी गई है। साथ ही घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
औद्योगिक क्षेत्र की प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी है आग
दमकल अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात को नौ बजकर दस मिनट पर नरेला औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो प्लास्टिक के दाने बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगी हुई थी। इस वजह से और गाड़ियां बुला ली गई। शनिवार रात को करीब 11 बजे तक दमकल विभाग की 23 गाड़ियां मौके पर भेजी जा चुकी हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही थी। खबर में अपडेट लगातार जारी है।
Delhi | Fire breaks out at a plastic granulation factory in the Narela area. 15 fire tenders on the spot. As per initial information, no one is trapped. Further details awaited: Delhi Fire Service— ANI (@ANI) May 14, 2022
मुंडका अग्निकांड में अब तक 27 लोगों की मौत
दिल्ली के ही मुंडका इलाके में शुक्रवार को एक इलेक्ट्रानिक सामान के गोदाम में हुए भीषण अग्निकांड को अभी 24 घंटे भी नहीं बीते हैं। मुंडका में हुए अग्निकांड में 27 लोग मारे गए थे। वहीं करीब 12 लोग घायल हुए थे। मुंडका में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर देश राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, पीएम नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया था। हादसे में मारे गए 27 लोगों में से सात लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वहीं करीब 29 लोग लापता बताए जा रहें हैं, इनमें 24 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं।