महिला एंकर से बदसलूकी, 'आप' विधायक सोमनाथ भारती पर दर्ज हुई एफआइआर
आम आदमी पार्टी के विधायक और वकील सोमनाथ भारती ने महिला एंकर के खिलाफ लाइव शो में अभद्र भाषा का प्रयोग किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती की वजह से पार्टी फिर से विवादों में आ गई है। लाइव शो के दौरान महिला एंकर के साथ बदसलूकी मामले में भारती पर एफआइआर दर्ज हो गई है।दरअसल, एक न्यूज चैनल पर डिबेट शो के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक और वकील सोमनाथ भारती ने महिला एंकर के खिलाफ लाइव शो में अभद्र भाषा का प्रयोग किया था।
दिल्ली सरकार में पूर्व कानून मंत्री रहे सोमनाथ भारती के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर भी शेयर किया जा रहा है। 'आप' से निष्कासित कपिल मिश्रा ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। वहीं, भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने भी इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल के विधायक का शर्मनाक बयान वो भी एक महिला पत्रकार को, शर्म से डूब मरो अरविंद केजरीवाल।'
दरअसल, हुआ कुछ यूं था कि महिला एंकर ने सोमनाथ भारती से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हुए हमले को लेकर सवाल किया था। इसी सवाल पर सोमनाथ भारती इतना बौखला गए कि महिला एंकर को गालियां देने लगे। सोमनाथ भारती ने महिला एंकर से न सिर्फ बदतमीजी से बात की, बल्कि उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। उन्होंने यह भी कहा था- आपकी बात करने की औकात नहीं है।
बता दें कि इससे पहले भी सोमनाथ भारती अपनी पत्नी पर अत्याचार करने को लेकर विवादों में रहे हैं। पत्नी लिपिका मित्रा के साथ घरेलू झगड़े की वजह से सोमनाथ भारती को पुलिस थानों के भी चक्कर काटने पड़ गए थे।