Move to Jagran APP

अनजान गिफ्ट और गुलदस्तों का डर, सुसाइड की स्थिति में पहुंच गयी महिला

पहले महिला ने अनजान गुलदस्तों को हलके में लिया। जब उसे पता चला ये हरकत उसके फेसबुक फ्रैंड की है तो वह डर गयी। फेसबुक फ्रैंड महिला को ब्लैकमेल कर रहा।

By Amit SinghEdited By: Published: Fri, 07 Sep 2018 05:09 PM (IST)Updated: Sat, 08 Sep 2018 09:21 AM (IST)
अनजान गिफ्ट और गुलदस्तों का डर, सुसाइड की स्थिति में पहुंच गयी महिला
अनजान गिफ्ट और गुलदस्तों का डर, सुसाइड की स्थिति में पहुंच गयी महिला

नोएडा (जेएनएन)। गिफ्ट और गुलदस्ते किसे अच्छे नहीं लगते, लेकिन इन तोहफों ने एक महिला को इतना डरा दिया कि वह सुसाइड करने की स्थिति में पहुंच गयी। अब 30 वर्षीय महिला ने नोएडा के थाना सेक्टर-24 में रिपोर्ट दर्ज करा इन अनजान उपहारों से बचाने की गुहार लगाई है।

loksabha election banner

महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ नोएडा के सेक्टर-11 में रहती है। महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ वर्ष पहले उसकी फेसबुक पर आदित्य जायसवाल नाम के एक युवक से दोस्ती हुई थी। आदित्य जीवन विहार रामपुर रोड जयपुर राजस्थान का रहने वाला है। शादी के बाद महिला ने उस फेसबुक फ्रैंड से दूरी बना ली।

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया है कि करीब दो साल से वह अपने उस दोस्त से बात नहीं करना चाहती है। उसकी नीयत ठीक नहीं है। बावजूद वह उसे फोन कर परेशान करता है। इतना ही नहीं आरोपित महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का भी दबाव डाल रहा है। मना करने पर वह महिला को उसके परिवार में बदनाम करने की धमकी देता है। कभी वह महिला को धमकी देता है कि वह उसके बच्चों को किडनैप कर लेगा तो कभी वह उसके पति को जान से मारने की धमकी देता है।

महिला का आरोप है कि उसका फेसबुक फ्रैंड उससे 85000 रुपयों की मांग भी कर रहा है। इन सबके बाद भी जब महिला ने आरोपित की बात नहीं मानी तो उसने किसी तरह से उसके घर का पता मालूम कर उसे अनजान नाम से गिफ्ट और बुके भेजना शुरू कर दिया। शुरू में तो कुछ दिन किसी को संदेह नहीं हुआ, लेकिन जब अनजान नामों से महिला के घर पर लगातार गिफ्ट और बुके आने लगे तो वह परेशान हो गई। महिला के अनुसार वह इस कदर मानसिक रूप से परेशान हो गई कि वह सुसाइड करने तक की स्थित में पहुंच गई। उसने आत्महत्या की कोशिश भी की, लेकिन किसी तरह उसकी जान बच गई।

इसके बाद महिला ने अपने पति को पूरा वाक्या बताया। पति ने उसका साथ देते हुए मामले में आरोपित के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने को कहा। इसके बाद बृहस्पतिवार को महिला ने नोएडा के थाना सेक्टर-24 में अपने फेसबुक फ्रैंड के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी है।

महिला ने एफआइआर में पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपित को इतनी कड़ी सजा दी जाए कि वह भविष्य में किसी और लड़की या महिला को ब्लैकमेल करने की हिम्मत न करे। महिला ने पुलिस को गुलदस्तों के साथ आने वाले अनजान नाम के कार्ड भी दिए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.