यूपी के हापुड़ में खेत पर गए युवक की गोली मारकर हत्या
शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे सचिन ने परिजन से कहा कि वह खेत पर सिंचाई के लिए जा रहा है। सुबह करीब 4 बजे उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
हापुड़, जेएनएन। दिल्ली से सटे हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र के गांव ददायरा में खेत पर सिंचाई करने गए युवक की शुक्रवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंचे परिजन को उसका शव लहूलुहान हालत में मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। परिजन ने अभी तहरीर नहीं दी है।
गांव ददायरा निवासी साहब सिंह किसान हैं। उनका 22 वर्षीय पुत्र सचिन इकलौता है। सचिन भी खेती में पिता की मदद की करता था। साथ ही वह पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह रोजाना सुबह अपने खेत के निकट दौड़ लगाता था। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे सचिन ने परिजन से कहा कि वह खेत पर सिंचाई के लिए जा रहा है। सुबह करीब 4 बजे उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इसी बीच खेत पर जा रहे एक ग्रामीण ने उसका शव लहूलुहान हालत में पड़ा देखा।
सूचना पर परिजन और थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके सिर में गोली लगी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किए। थाना पुलिस के अलावा एसपी, एएसपी, सीओ ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। जिसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप