किसान नेता का आरोप, केंद्र सरकार से मिल गए हैं पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पंजाब) के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने मंगलवार को कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह केंद्र की मोदी सरकार से मिल गए हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन सोच रहे हैं कि उनके घर में ईडी के छापे नहीं पड़ने चाहिए।
नई दिल्ली [सोनू राणा]। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पंजाब) के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर गंभीर आरोप लगाया है। सरवन सिंह पंधेर ने मंगलवार को कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह केंद्र की मोदी सरकार से मिल गए हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन सोच रहे हैं कि उनके घर में ईडी के छापे नहीं पड़ने चाहिए। बिहार में छापे पड़ते रहे, हरियाणा में पड़ते रहे, लेकिन उसके घर न पड़ें। उनको लगता है कि अगर उन्होंने केंद्र सरकार से पंगा लिया तो उनके घर भी ईडी छापेमारी करेगी। इसलिए वह मोदी सरकार के खिलाफ कुछ भी नहीं बोल रहे हैं।
सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि इस वजह से कोरोना का बहाना बनाकर आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। इसलिए प्रदर्शनकारी किसी भी सरकार से कोई आस न रखें।
सुखबीर बादल से भी मिलीभगत का आरोप
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पंजाब) के महासचिव सरवन सिंह पंधेर दावा किया कि अकाली दल के नेता सुखबीर बादल और पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह भी एक दूसरे से मिले हुए हैं। वह खुद तो एक दूसरे के दुख-सुख में साथ रहते हैं, जबकि लोगों को पार्टी बाजी की बातें करते हैं। इसलिए पंजाब में कोरोना को लेकर पाबंदी लगा दी है।
विवादित बयानों से चर्चा में रहे हैं सरवन सिंह पंधेर
बता दें कि सिंघु बॉर्डर पर धरना दे रहे किसान संगठनों में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पंजाब) भी शामिल है। सरवन सिंह पंधेर इससे पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के दौरान जब सारे किसान संगठन पुलिस की बताए हुए मार्ग पर मार्च निकालने के लिए मान गए थे तब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पंजाब) ने प्रदर्शनकारियों को भड़काया और दिल्ली में घुसने के लिए उन्हें प्रेरित किया। ट्रैक्टर रैली के दौरान हिंसा मामले में जिन किसान नेताओं के खिलाफ केस दर्ज हैं उनमें सरवन सिंह पंधेर का भी नाम शामिल है।