CBSE 10th Result 2020: 98.6 फीसद अंक लाकर फरहान ने बढ़ाया माता-पिता का मान
फरहान ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों और स्कूल के शिक्षकों को दिया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राजधानी दिल्ली के बाराखंभा रोड स्थित, मॉडर्न पब्लिक स्कूल के छात्र फरहान बख्त अहमद ने भी 10वीं में 98.6 फीसद अंक अर्जित कर अपने स्कूल का मान बढ़ाया है। फरहान ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों और स्कूल के शिक्षकों को दिया है। फरहान को अंग्रेजी में 99, गणित में 98, विज्ञान में 100, सामाजिक विज्ञान में 97 और जर्मन में 99 अंक प्राप्त हुए हैं। वो विज्ञान संकाय से आगे पढ़ाई करेंगे। इसके बाद वो बॉयो-केमिकल इंजीनियरिंग करना चाहते हैं।
फरहान ने बताया कि पढ़ाई के लिए कभी कोई निश्चित समय तय नहीं किया है, लेकिन जब पढ़ाई की तब मन लगा कर की। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। अच्छे अंक लाने में शिक्षक के नोट्स, एनसीईआरटी की किताबों से उन्होंने पढ़ाई की है। इसके साथ ही परीक्षा से तीन माह पहले खुद के बनाए नोट्स का गहन अध्ययन किया। उन्होंने अपने किसी सहपाठी से कभी खुद की तुलना नहीं की है, बल्कि वह खुद से ही अपनी तुलना करते हैं। फरहान को कहानियां और कविताएं लिखने का भी शौक है। उनके पिता फिरोज बख्त अहमद हैदराबाद स्थित मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं और माता बायोलॉजी की शिक्षिका हैं।