एक्सपोर्टर का सवा करोड़ का सोना ले भागा घरेलू सहायक, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार एक्सपोर्टर राहुल गुप्ता वसंत विहार के पूर्वी मार्ग पर रहते हैं। वह एक्सपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर हैं। वह 15 जनवरी को ढाई किलो सोने के गहने कस्टम से रिलीज करवाकर लाए थे जाे कि घर पर रखा हुआ था यह गायब है।
नई दिल्ली, अरविंद द्विवेदी। वसंत विहार इलाके में एक एक्सपोर्टर का करीब सवा करोड़ रुपये का सोना चुराकर घरेलू सहायक झारखंड स्थित अपने घर भाग गया। एक्सपोर्टर ने पुलिस को बताया है कि घरेलू सहायक ने पिता की बीमारी का बहाना बनाकर छुट्टी मांगी और अपने गांव चला गया। उसके जाने के बाद से ही घर से सोना भी गायब है। पीड़ित की शिकायत पर वसंत विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घरेलू सहायक का मोबाइल नंबर बंद है। पुलिस टीम को झारखंड के लिए रवाना कर दिया गया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मोबाइल नंबर बंद
पुलिस के अनुसार, एक्सपोर्टर राहुल गुप्ता वसंत विहार के पूर्वी मार्ग पर रहते हैं। वह एक्सपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर हैं। वह 15 जनवरी को ढाई किलो सोने के गहने कस्टम से रिलीज करवाकर लाए थे जाे कि घर पर रखा हुआ था। 11 फरवरी को उनका घरेलू सहायक अनिल कुमार अचानक से घर चला गया। उसने फोन कर बताया कि उसके पिता की तबीयत खराब है इसलिए वह झारखंड स्थित अपने घर जा रहा है।
पुलिस की टीम आरोपित की तलाश में झारखंड भेजी गई
इसके बाद में पता चला कि उनके घर पर रखे ढाई किलो सोने के गहने गायब हैं। इसकी कीमत करीब सवा करोड़ रुपये है। उन्होंने पुलिस को बताया कि कोरोना लाकडाउन के कारण पिछले करीब एक साल से एक्सपोर्ट का काम रुका हुआ है। इसलिए यह सोना घर पर ही रखा था लेकिन अब घरेलू सहायक सारा सोना उड़ा ले गया।