दयाल सिंह कॉलेज में कचरे से बने सामान की लगाई गई प्रदर्शनी देख कर सबने कहा - 'वाह'
प्रदर्शनी के बाद प्लास्टिक टू फैंटास्टिक विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया जिसमें छात्रों को जागरूक किया गया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। लोधी रोड स्थित दयाल सिंह कॉलेज (सांध्य) में छात्र-छात्रओं ने प्लास्टिक कचरे से उपयोगी सामान बनाकर कला प्रदर्शनी लगाई। इसमें शामिल कचरा छात्रों ने महरौली स्थित जमाली कमाली पार्क में सफाई करके इकट्ठा किया था। इस कचरे को रीसाइकिल करके कप, प्लेट, गुलदस्ता, फोटो फ्रेम, चप्पल, पेंटिंग, कागज के फूल व देवी-देवताओं की तस्वीरें आदि बनाई गई हैं।
प्रदर्शनी देखने जलशक्ति मंत्रालय के सचिव आइएएस यूपी सिंह समेत कई अधिकारी भी आए। प्रदर्शनी के बाद प्लास्टिक टू फैंटास्टिक विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की इको क्लब सोसायटी की ओर से किया गया। इसका मकसद छात्रों को पर्यावरण के प्रति गंभीरता और उसके प्रयोगों को समझाना था। प्रदर्शनी में उस कचरे को भी साथ रखा गया, जिससे ये उपयोगी चीजें बनाई गई थीं, जिससे छात्र अपने घर का कचरा प्रयोग कर उसे इस्तेमाल कर सकें।
इको क्लब की सचिव खुशनुमा ने बताया कि यह क्लब इसी साल खोला गया है। हम सभी ने महरौली स्थित पार्क जाकर पहले कचरा जमा किया। इसके बाद कड़ी मेहनत कर उसे उपयोगी वस्तु बनाया गया।
कॉलेज के प्राचार्य पवन शर्मा ने कहा कि छात्रों की पर्यावरण की ओर दिलचस्पी देख मैं काफी खुश हूं। हम जल्द ऐसे और कार्यक्रम रखेंगे। सेमिनार में मुख्य अतिथि आइएएस यूपी सिंह ने कहा कि बच्चों को सरकार से पहले चीजों को खुद सफल बनाने के बारे में सोचना चाहिए, जिससे पर्यावरण पर सरकार के बोझ को जल्द कम किया जा सके।