DU की छात्रा गुरमेहर कौर की नई जंग, बोलने की आजादी को लेकर होगा आंदोलन
गुरमेहर कौर ने कहा कि वह पहले भी पीछे नहीं हटी थीं और अब वह फिर खुल कर मैदान में आ गईं हैं। उन्होंने कहा वह पंजाब की धरती पर पैदा हुई हैं व गुरुओं के बताए मार्ग पर चलकर संघर्ष कर रही हैं।
नई दिल्ली [ जेएनएन ]। दिल्ली के रामजस कॉलेज विवाद को लेकर चर्चा में आई डीयू की छात्रा गुरमेहर कौर अब बोलने की आजादी को लेकर आंदोलन चलाएगी। गुरमेहर फ्यूचर टैलेंट नाम की संस्था के साथ 'रिस्पॉसिबल फ्रीडम ऑफ फोरम' बनाया है। इसके माध्यम से वह बोलने की आजादी को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर संघर्ष करेंगी। गुरमेहर इसकी राष्ट्रीय उपप्रधान हैं। गौतमबीर सेठ राष्ट्रीय प्रधान हैं।
गुरमेहर कौर ने कहा कि वह पहले भी पीछे नहीं हटी थीं और अब वह फिर खुल कर मैदान में आ गईं हैं। उन्होंने कहा वह पंजाब की धरती पर पैदा हुई हैं व गुरुओं के बताए मार्ग पर चलकर संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने बताया कि 'फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन' नाम से एक आंदोलन पूरे देश में चलाया जाएगा। जालंधर से इसका एलान इसलिए किया गया है क्योंकि यह हमारा अपना शहर है।
गुरमेहर ने बताया कि फोरम के कर्नाटक, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब के प्रदेश प्रधानों की नियुक्ति कर दी गई है। पदाधिकारी आगे अपने संगठनात्मक ढांचे का विस्तार करने में जुट गए हैं। फोरम के प्रधान गौतमबीर सेठ ने बताया कि वह अगस्त में दिल्ली में युवा सम्मेलन करवाने जा रहे हैैं। इसमें पांच हजार से ज्यादा युवाओं के भाग लेने की उम्मीद हैै।
देश मुश्किल दौर से गुजर रहा है
गौतमबीर सेठ से जब फ्रीडम आफ स्पीच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि देश काफी मुश्किल दौर से गुजर रहा है। इसलिए फ्रीडम ऑफ स्पीच को लेकर नेशनल मूवमेंट बनाई जाएगी। गुरमेहर ने अपने एवीबीपी वाले मुद्दे की तरफ इशारा कर कहा कि जब एक विद्यार्थी द्वारा उठाए सवालों को कोई दूसरा ही रंग दे दिया जाता है तो हमें समझ लेना चाहिए कि देश में कठिन समय चल रहा है। मीडिया भी इससे अछूता नहीं रह गया है।