Raksha Bandhan 2019: महिलाओं को DTC का बड़ा तोहफा, एसी बसों में भी होगी मुफ्त सवारी
Raksha Bandhan 2019 15 अगस्त को महिलाएं सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की सामान्य और एसी में मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। Raksha Bandhan 2019: रक्षाबंधन के त्योहार पर दिल्ली परिवहन निगम (DTC) महिलाओं के लिए फिर तोहफा लाई है। 15 अगस्त को यानी बृहस्पतिवार के दिन महिलाएं सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की सामान्य और वातानुकूलित बसों (एसी) में मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी। डीटीसी के मुताबिक इस दिन महिलाओं को दिक्कत न हो इसलिए सुबह से ही ज्यादा से ज्यादा बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी।
कई रूटों में हुआ बदलाव
लालकिला पर बृहस्पतिवार को होने वाले राष्ट्रीय आयोजन के चलते दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने अपने कई रूटों के मार्ग में बदलाव किया है। इसके चलते समारोह समाप्त होने तक बसें बदले हुए मार्गो से होकर गुजरेंगी। डीटीसी प्रवक्ता तरुण कुमार वर्मा के अनुसार यह परिवर्तन सुरक्षा के मददेनजर किया गया है।
इन सड़कों पर नहीं चलेंगी डीटीसी बसें
परिवर्तन के तहत लोथियन रोड छत्ता रेल से कश्मीरी गेट, यमुना बाजार रोड रिंग रोड से जाट फौजी धर्मशाला, सुभाष मार्ग छत्ता रेल से दिल्ली गेट, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, रिंगरोड निजामुद्दीन ब्रिज से नार्थ लूप बस अड्डा, सी-हेक्सागन रोड, शेरशाह रोड, पुराना किला रोड, कोपरनिक्समार्ग, पंडारा रोड, राजपथ, अकबर रोड पर बसों का परिचालन बंद रहेगा। इसके अलावा तिलक मार्ग, सिकन्दरा रोड, भगवानदास मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग तक, विकास मार्ग, दिल्ली सचिवालय लूप तक, कस्तूरबा गांधी मार्ग, फिरोजशाह रोड से सी-हेक्सागन मार्ग तक, अशोका रोड, विंडसर प्लेस से सी-हेक्सागन मार्ग तक आदि पर भी बसों को प्रतिबंधित किया गया है।
यहां से ले सकते हैं रूट की जानकारी
बसों की सेवाओं की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 011.23317600 अथवा डीटीसी हेल्पलाइन नंबर 1800118181 टोल फ्री तथा 011.41400400 पर संपर्क कर सकते हैं।