दिल्ली में रफ्तार का कहर: नशे में धुत चालक ने सो रहे चार लोगों पर चढ़ा दी कार
चार लोगों को कुचलने के बाद कार अगर सेंट्रल वर्ज पर ही आगे बढ़ती तो अन्य लोग भी चपेट में आ सकते थे। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करके कार को सीज कर दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। नशा और तेज रफ्तार राजधानी दिल्ली में चार लोगों पर कहर बनकर टूटा। यूनाइटेड किंगडम स्थित बर्मिघम विश्वविद्यालय के साउथ एशिया जोन के कंट्री मैनेजर ने हजरत निजामुद्दीन इलाके में नीले गुंबद के पास सेंट्रल वर्ज पर अपनी होंडा डब्ल्यूआरवी कार सोते हुए चार लोगों पर चढ़ा दी। घटना में एक बेघर व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। इनमें एक की हालत नाजुक है। चार लोगों को कुचलने के बाद कार अगर सेंट्रल वर्ज पर ही आगे बढ़ती तो अन्य लोग भी चपेट में आ सकते थे। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करके कार को सीज कर दिया है।
डीसीपी चिन्मय बिश्वाल के मुताबिक आरोपित चालक का नाम अभिषेक दत्त (37) है। पंखा रोड निवासी अभिषेक बर्मिघम विश्वविद्यालय के साउथ एशिया जोन का कंट्री मैनेजर है। हादसे के समय उसने काफी शराब पी रखी थी और कार में अकेला था। पुलिस के अनुसार गुरुवार रात आश्रम में एक पार्टी थी, वहीं से शराब पीने के बाद वह अपने घर की तरफ जा रहा था।
शुक्रवार तड़के साढ़े तीन बजे जब वह कार से हजरत निजामुद्दीन पुलिस स्टेशन से चंद कदम आगे बढ़ा तो मथुरा रोड पर नीले गुंबद के पास रफ्तार अधिक होने की वजह से कार अनियंत्रित होकर सेंट्रल वर्ज पर चढ़ गई और वहां सो रहे साहिब, शेख साजू, नौशाद और आरिफ उसकी चपेट में आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों को एम्स पहुंचाया, जहां आरिफ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि साहिब की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियोंने बताया कि हादसे के बाद कार सेंट्रल वर्ज से नीचे उतर गई। इस बीच कार का आगे का दाहिना टायर फट गया।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप