भाजपा के आक्सीजन वैन अभियान पर ड्रग कंट्रोलर ने शुरू की जांच
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा है कि भाजपा सेवा को समर्पित पार्टी है। कोरोना महामारी के दौरान सेवा ही संगठन के तहत जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार राजनीतिक विद्वेष की भावना से काम कर रही है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। कोरोना की दूसरी लहर में मरीजों तक आक्सीजन पहुंचाने के लिए भाजपा द्वारा चलाई गई आक्सीजन वैन अभियान को लेकर ड्रग कंट्रोलर कार्यालय ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार को ड्रग कंट्रोलर कार्यालय की टीम प्रदेश भाजपा कार्यालय में पहुंचकर पूछताछ की। इस मामले बृहस्पतिवार तक पूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कोरोना महामारी में मरीजों को इलाज व आक्सीजन उपलब्ध कराने में नाकाम आम आदमी पार्टी (आप) सरकार जनसेवा के काम करने वालों को परेशान कर रही है।
पिछले दिनों भाजपा ने आक्सीजन वैन के जरिये मरीजों तक आक्सीजन पहुंचाने की मुहिम चलाई थी। अस्पताल के बाहर वैन खड़े किए जाते थे जिससे कि बेड मिलने तक मरीज को आक्सीजन की सुविधा मिल सके। इस मामले में दिल्ली सरकार के ड्रग कंट्रोलर कार्यालय ने प्रदेश भाजपा को नोटिस भेजकर इस मामले में पूरी जानकारी मांगी है। इसके साथ ही चार सदस्यीय टीम भाजपा कार्यालय पहुंचकर लगभग दो घंटे तक पूछताछ की। एक प्रश्नावली देकर बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे तक जवाब देने को कहा गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा है कि भाजपा सेवा को समर्पित पार्टी है। कोरोना महामारी के दौरान सेवा ही संगठन के तहत जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार राजनीतिक विद्वेष की भावना से काम कर रही है। राजनीतिक प्रताड़ना के भय से सेवा कार्य बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि दिल्ली सरकार के नोटिस का कानूनी जवाब तो देंगे ही साथ ही राजनीतिक प्रताड़ना के इस मामले को जनता के बीच लेकर जाएंगे।