तीन राज्यों की जीत को दिल्ली में भी भुनाएगी कांग्रेस, ऐसे बन रहा एक्शन प्लान
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने बताया किमतदाताओं ने जिस तरह देश के तीन राज्यों में कांग्रेस को चुना है, वैसे ही दिल्ली में भी सियासत की तस्वीर जल्द बदलेगी।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। तीन राज्यों में मिली शानदार जीत को कांग्रेस दिल्ली में भी भुनाने की तैयारी कर रही है। इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों का अभिनंदन करने के बहाने न केवल प्रदेश कांग्रेस में नई जान डाली जाएगी, बल्कि कार्यकर्ताओं में दिल्ली फतेह का मंत्र भी फूंका जाएगा।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान में कांग्रेस की वापसी से दिल्ली सहित देश भर में कांग्रेस की इकाइयों को एक तरह से संजीवनी मिल गई है। नेताओं एवं कार्यकर्ताओं दोनों में उत्साह का संचार देखा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस इस उत्साह को अब लोकसभा चुनाव तक ऐसे ही बनाए रखना चाहती है।
पार्टी ने इसके लिए एक विशेष रणनीति भी तैयार की है। जानकारी के मुताबिक, पार्टी ने जिला स्तर पर बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन शुरू कर दिए हैं। नई दिल्ली, करोल बाग और आदर्श नगर जिला में सम्मेलन हो चुका है, रविवार को कृष्णा नगर और पटपड़गंज में होने जा रहा है। पार्टी का डोर टू डोर अभियान भी शुरू होने को है।
इसमें मतदाताओं को आम आदमी पार्टी और भाजपा के झूठे वादो से अवगत कराया जाएगा। इतना ही नहीं, उन्हें कांग्रेस शासनकाल के 15 सालों में दिल्ली में कराए गए तमाम विकास कार्यो की याद भी दिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त पार्टी की योजना है कि उक्त तीनों राज्यों के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्रियों का दिल्ली बुलाकर सार्वजनिक अभिनंदन किया जाए।
प्रदेश कांग्रेस अभिनंदन के बहाने तालकटोरा स्टेडियम जैसी किसी जगह पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और उनमें जोश भरने का प्रयास करेगी। कोशिश तो तीनों मुख्यमंत्रियों को एक साथ बुलाने की भी होगी। लेकिन, यह इतना आसान नहीं होने के कारण तीन अलग- अलग कार्यक्रम भी रखे जा सकते हैं।
इस बारे में दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने बताया किमतदाताओं ने जिस तरह देश के तीन राज्यों में कांग्रेस को चुना है, वैसे ही दिल्ली में भी सियासत की तस्वीर जल्द बदलेगी। लोकसभा चुनाव में भी पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी। हमने इस संबंध में अपनी विशेष रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।