जागरण प्रभाव: चांदनी चौक से हटने लगा विवादित "हवा महल'
दो अगस्त के अंक में दैनिक जागरण ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था जिसके बाद नगर निगम हरकत में आया और निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया। नोटिस में उन्हें 48 घंटे के भीतर उसे हटाने को कहा गया अन्यथा खुद कार्रवाई की चेतावनी दी।
नई दिल्ली [नेमिष हेमंत]। राजस्थान की राजधानी जयपुर की तर्ज पर चांदनी चौक में बनाए जा रहे विवादित "हवा महल' के ढांचे को हटाया जाने लगा है। उत्तरी नगर निगम द्वारा इस अवैध निर्माण मामले में 48 घंटे की मोहलत मिलने के बाद खुद संपत्ति मालिक ने इसे हटाना शुरू कर दिया है। ढांचे को हटाने की प्रक्रिया बुधवार शाम शुरू हुईं। संपत्ति के रखखाव से जुड़े अंकित केयाल ने बताया कि दो-तीन दिन में यह ढांचा पूरी तरह से हटा दिया जाएगा।
दो अगस्त के अंक में दैनिक जागरण ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद नगर निगम हरकत में आया और निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया। नोटिस में उन्हें 48 घंटे के भीतर उसे हटाने को कहा गया अन्यथा खुद कार्रवाई की चेतावनी दी। इस संबंध में स्थायी समिति के अध्यक्ष जोगीराम जैन ने कहा कि नगर निगम ने इस ढांचे को हटाने की तैयारी कर ली थी, लेकिन संपत्ति मालिकों ने आग्रह किया कि उन्हें इस ढांचे को हटाने के लिए कुछ दिनों की मोहलत दी जाए, जिसके बाद उन्हें दो दिन का वक्त दिया गया है। अगर दो दिन में ये नहीं हटता है तो नगर निगम खुद इसे हटाएगा।
वैसे, मुख्य मार्ग पर स्थिति यह "हवा महल' लोगों के आकर्षक के केंद्र में था। लोग इसके सामने सेल्फी ले रहे थे। हालांकि, स्थानीय दुकानदारों और चांदनी चौक के संरक्षण को लेकर चिंतित लोगों ने इस निर्माण को अवैध बताते हुए केंद्र व राज्य सरकार के साथ ही उत्तरी नगर निगम का दरवाजा खटखटाया था। चांदनी चौक सर्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष व शाहजहांनाबाद पुनर्विकास परियोजना की निगरानी टीम में शामिल संजय भार्गव ने कहा कि चांदनी चौक स्पेशल एरिया में आता है। जहां इमारतों में किसी भी बदलाव या मरम्मत के लिए नगर निगम से विशेष अनुमति लेनी होती है। वैसे, भी इस तरह से चांदनी चौक के ऐतिहासिक स्थिति में किसी तरह का बदलाव नहीं हो सकता है।