यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली के हरदेव नगर में गंदा नाला बना डंपिंग ग्राउंड, बदबू से लोगों का सांस लेना मुश्किल
हरदेव नगर में कालोनी के बीचोंबीच वर्षों से गंदा नाला बह रहा है। वर्षों से इसकी सही तरीके से सफाई ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। हरदेव नगर में कालोनी के बीचोंबीच वर्षों से गंदा नाला बह रहा है। वर्षों से इसकी सही तरीके से सफाई नहीं हुई है। ऐसे में यह पूरी तरह कूड़े से अटा पड़ा है, जिसके चलते ये नाले की जगह डंपिग ग्राउंड अधिक दिखता है। इससे हर वक्त निकलने वाली बदबू से लोगों को परेशानी होना भी स्वाभाविक ही है। यह नाला लोगों को दिनरात नारकीय यातना का अहसास करा रहा है। उन्हें नाले की गंदगी व बदबू के बीच ही दैनिक जीवनचर्या को अंजाम देना पड़ रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद भी नाले को ढकने की बात तो दूर उसकी सफाई नहीं की गई है।
दरअसल, झड़ौक्ष माजरा व आसपास की खेतों में फसलों की सिंचाई के लिए वर्षों पूर्व नाले का निर्माण कराया गया था। कालांतर में खेत सिकुड़ते चले गए और कालोनियां आबाद होती चली गईं। ऐसे में वर्ष 1986 के बाद हरदेव नगर पार्ट एक व दो कालोनी जब अस्तित्व में आई तो सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का यह नाला आबादी के बीच में आ गया।
लोगों ने बयां किया दर्द
- हमने नाले की सफाई कर उसे ढकने के लिए कई बार संबंधित विभाग को पत्र लिखा है। प्रधानमंत्री कार्यालय से भी शिकायतें की। लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया है। -अनिल त्यागी
- नाले का पानी घरों की नींव को कमजोर कर रहा है। नाले में गंदगी के चलते कालोनी के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के चपेट में आने का डर हमेशा बना रहता है। निकोलस
- यह नाला फसलों की सिंचाई के लिए निर्मित हुआ था। अब खेत ही नहीं बचे हैं तो नाले की कोई उपयोगिता नहीं है। इसको ढक कर अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए उपयोग में लाया जाना चाहिए। -मुकेश
- नाले के दोनों ओर दीवार बनाई जानी चाहिए और इसे कवर किया जाना चाहिए ताकि लोग इसमें गंदगी व मरे हुए कुत्ते, बिल्ली, चूहे आदि को नहीं फेंक सके। लेकिन अब तक ऐसी कोई योजना तैयार नहीं की गई है। -नीरज
- हरदेव नगर कालोनी में नाले में गंदगी की समस्या को लेकर मुङो भी शिकायतें मिली हैं। मैंने सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को दीपावली से पूर्व सफाई कराने का निर्देश दिया है। संजीव झा, विधायक, बुराड़ी
