सिर्फ चक्रवाती तूफान वायु से नहीं मिली दिल्ली-NCR को राहत, ये 2 वजहें भी रहीं अहम
वायु तूफान के चलते दक्षिण पूर्वी दिशा से आने वाली हवा के चलते दिल्ली में अगले कुछ दिन तक बादल और हल्की बूंदाबांदी का मौसम बना रहने का अनुमान है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Weather Update: चक्रवाती तूफान वायु (Cyclone Vayu) के रुख बदलने के चलते आई आंधी व बारिश की वजह से दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत में करोड़ों लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हल्की बारिश से दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहाना हो गया है। बारिश के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
वायु तूफान के चलते दक्षिण पूर्वी दिशा से आने वाली हवा के चलते दिल्ली में अगले कुछ दिन तक बादल और हल्की बूंदाबांदी का मौसम बना रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में हुआ यह हल्का बदलाव अभी जारी रहेगा। बृहस्पतिवार को भी दिन भर आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 और 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
ढीले पड़े गर्मी के तेवर, बुधवार को 36 डिग्री रहा तापमान
बुधवार को भी दिल्ली में गर्मी के तेवर ढीले ही रहे। सुबह के समय हवा से राहत मिली तो दिन का तापमान भी सामान्य से कम रहा। इससे दिल्ली वासियों को मिली राहत बरकरार रही। बृहस्पतिवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
बुधवार को सुबह के समय मौसम के मिजाज में थोड़ी नरमी थी। हवा भी चल रही थी। हालांकि, दिन के समय धूप की तपन तेज थी, लेकिन अन्य दिनों की अपेक्षा राहत रही। पूर्वी और चक्रवाती हवाओं के संयुक्त प्रभाव से अधिकतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कम 36.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम सामान्य से चार डिग्री कम 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी का स्तर 85 से 41 फीसद दर्ज किया गया।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप