नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। पिछले साल जनवरी में वर्षा ने 122 साल का रिकार्ड तोड़ा तो इस बार जनवरी की ठंड ने 10 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। खासकर बीते चार पांच सालों के दौरान जनवरी में ठंडक बढ़ी है। वहीं जनवरी में बरसात भी सामान्य से अधिक होने लगी है।

तापमान का अंतर

इस वर्ष जनवरी का औसत न्यूनतम तापमान महज 6.6 डिग्री रहा है। इससे पूर्व जनवरी 2013 में यह 6.1 डिग्री दर्ज किया गया था। आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते चार सालों में जनवरी का अधिकतम तापमान 26 डिग्री से ऊपर नहीं गया। जबकि उससे पूर्व जनवरी में 27 से 28 डिग्री तक तापमान छू जाता था।

आठ दिन चली शीतलहर

इस साल जनवरी में एक सदी की सबसे अधिक शीतलहर चली। कुल आठ दिन शीतलहर का प्रकोप रहा। इसी वजह से औसत न्यूनतम तापमान एक दशक बाद इतना कम रहा है। इस साल औसत न्यूनतम तापमान महज 6.6 डिग्री रहा। इससे पूर्व 2013 में यह 6.1 के स्तर पर रहा था। हालांकि सामान्य औसत न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री है।

दिन के समय महज एक दिन शीतलहर रही। इसी वजह से 2019 के बाद से अब तक की यह दिन में सबसे गर्म जनवरी भी रही। माह का औसत अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री रहा। 2019 में यह 21.2 डिग्री था।

एक दशक का अंतर            अधिकतम औसत            न्यूनतम औसत

2023                                        19.7                            6.6

2013                                        19.0                            6.1

सामान्य                                      20.1                            7.5

मंगलवार को एक बार फिर कोहरे ने किया परेशान

24 घंटे की रिकार्ड वर्षा के बाद मंगलवार को एक बार फिर कोहरे ने भी परेशान किया। इसके चलते दृश्यता का स्तर भी प्रभावित हुआ और लोग करीब नौ बजे तक वाहनों की हेड लाइट जलाकर ड्राइवर करते नजर आए। सुबह साढ़े पांच बजे सफदरजंग पर दृश्यता का स्तर जहां 500 मीटर था वहीं पालम में यह महज 50 मीटर रहा। सुबह साढ़े आठ बजे पालम में दृश्यता 50 मीटर तक ही रही जबकि सफदरजंग में घट कर 200 मीटर रह गई।

उधर मंगलवार को अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से दो डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 71 से 100 प्रतिशत तक रहा।

कैसा रहेगा 1 फरवरी को मौसम

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को आसमान साफ रहेगा। 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 10 डिग्री तक रह सकता है। वहीं दो से छह फरवरी के बीच अधिकतम तामपान 21 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री तक रहेगा।

Edited By: Geetarjun