यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Weather: दिल्ली में सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा रविवार, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन; IMD ने जारी किया अलर्ट
धूप नहीं निकलने और पूर्व की तरफ से ठंडी हवा चलने से दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट हुई। उन्होंने ...और पढ़ें

HighLights
- दिन में सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा अधिकतम तापमान
- अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा अंतर
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद दिल्ली में कोहरे से राहत मिली है लेकिन ठंड बढ़ गई है। रविवार को दिसंबर के आखिरी दिन सुबह में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा लेकिन पूरे दिन धूप नहीं निकल पाने और पूर्व की तरफ से आने वाली ठंडी हवा के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया।
इस वजह से रविवार का दिन न सिर्फ दिसंबर का बल्कि इस सीजन में सबसे ठंडा दिन रहा। इससे ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार नए वर्ष के पहले दिन सीजन का पहला कोल्ड डे हो सकता है। इससे सुबह के वक्त भी ठंड बढ़ने की संभावना है। साथ मध्यम स्तर से लेकर घने स्तर का कोहरा हो सकता है। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने पहली जनवरी के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। यह इस सीजन में सबसे कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच महज 4.2 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। इस वजह से ठंड बढ़ गई है। इससे एक दिन पहले अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस था। दिल्ली में मयूर विहार में सबसे अधिक ठंड रही। इस इलाके में अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार सुबह में थोड़ी देर के लिए आइजीआइ एयरपोर्ट के पास थोड़ी देर के लिए दृश्यता 300 मीटर थी। इससे उड़ाने प्रभावित हुई लेकिन बाद में दृश्यता बढ़कर 900 मीटर हो गई थी।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि कोहरा की चादर अभी जमीन से 100 से 150 मीटर की ऊंचाई पर छाई हुई है। इस वजह से आकाश साफ होने के बावजूद पूरे दिन सूरज की रोशनी नहीं निकल पाई।
धूप नहीं निकलने और पूर्व की तरफ से ठंडी हवा चलने से दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट हुई। उन्होंने कहा कि पहली जनवरी को न्यूनतम तापमान भी घटकर दस डिग्री सेल्सियस से नीचे आठ डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान भी 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस वजह से पहली जनवरी को इस सीजन का पहला कोल्ड डे रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दो से चार जनवरी के बीच भी आकाश साफ रहेगा। इस दौरान मध्यम स्तर का कोहरा हो सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान आठ से नौ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
31 दिसंबर का दिन रहा तीन वर्षों में सबसे अधिक ठंडा
31 दिसंबर का दिन तीन वर्षों में सबसे अधिक ठंडा रहा। इससे पहले वर्ष 2020 में 31 दिसंबर को अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस था। इसके बाद वर्ष के आखिरी दिन इस बार अधिकतम तापमान सबसे कम रहा।
दिल्ली में जिन जगहों पर अधिक ठंड रही वहां का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
जगह अधिकतम न्यूनतम
मयूर विहार 13.3 11.9
रिज एरिया 14.6 10.0
लोधी रोड 15.0 10.8
नरेला 15.0 11.8
जाफरपुर 15.0 12.1
यह भी पढ़ेंः Happy New Year 2024: न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में आतिशबाजी के साथ लोगों ने नए साल का किया स्वागत
