Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने तोड़ा 10 सालों का रिकॉर्ड
बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन भी बढ़ा दी है। इसीलिए रविवार को 10 सालों में सबसे ठंडा दिन रहा। हवा की रफ्तार तेज होने से अभी ठंड और बढ़ेगी। सोमवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के भी आसार हैं। इससे भी सर्दी में इजाफा हो सकता है।
नई दिल्ली, संजीव गुप्ता। दिल्ली में ठंड फिर बढ़ने लगी है। बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन भी बढ़ा दी है। इसीलिए रविवार को 10 सालों में सबसे ठंडा दिन रहा। हवा की रफ्तार तेज होने से अभी ठंड और बढ़ेगी। सोमवार को कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के भी आसार हैं। इससे भी सर्दी में इजाफा हो सकता है। रविवार को नीचे तो खास कोहरा नहीं था, लेकिन आसमान में ऊपर की तरफ स्मॉग छाया हुआ था। इसीलिए धूप भी बहुत हल्की निकली थी। हालांकि हवा सुबह से ही तेज थी।
हवा में ठंडक होने के कारण यह शरीर में ठिठुरन भी पैदा कर रही थी। कंपकंपाहट वाली यह स्थिति दिन भर बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 15.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। 17 जनवरी की तारीख में 2012 से लेकर अभी तक का यह सबसे कम अधिकतम तापमान है।
न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 76 से 100 फीसद रहा। पालम सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा होगा। कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 17 एवं 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
वहीं, स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि रविवार को पूर्वी और उत्तर पूर्वी हवा चली। सोमवार से हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी हो जाएगी। इसके साथ नमी भी बढ़ेगी। 21 जनवरी की रात से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर 22 और 23 तारीख को मौसम कुछ करवट ले सकता है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो