Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Weather: दिल्लीवालों पर मौसम मेहरबान, इस पूरे हफ्ते पड़ेंगी बारिश की फुहारें; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

    Updated: Sun, 15 Jun 2025 11:30 PM (IST)

    दिल्ली में पांच दिनों की भीषण गर्मी के बाद मौसम बदला। रविवार सुबह तेज आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है लू चलने की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है।

    Hero Image
    104 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी, 42 मिमी हुई वर्षा।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लगातार पांच दिन तक भीषण गर्मी की चपेट में रही दिल्ली में रविवार अल सुबह मौसम ने करवट ले ली। ढाई बजे से साढ़े पांच के बीच तेज आंधी और वर्षा ने ना केवल गर्मी की अकड़ ढीली की बल्कि तापमान में भी कई डिग्री की गिरावट देखने को मिली। कहीं कहीं तो ओलावृष्टि भी देखने को मिली तो कुछ जगह प्रात: साढ़े आठ बजे तक भी छिटपुट वर्षा होती रही। इससे दिन में भी गर्मी के तेवर ढीले ही बने रहे। सप्ताह भर तक ऐसा ही मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है। हाल फिलहाल लू चलने की भी अब कोई संभावना नहीं है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रविवार सुबह दिल्लीवासियों ने आंखें खोलीं तो बाहर का नजारा बदला हुआ था। तेज हवाओं के साथ जोर- दार मानसून पूर्व वर्षा हो रही थी। बीच बीच में बिजली भी चमक रही थी। इस दौरान आंधी की रफ्तार 104 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई, जो कि सात सालों की सर्वाधिक है।

    आइजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता सिर्फ 1500 मीटर

    इससे पहले 13 या 14 मई 2018 को आंधी की रफ्तार 109 किमी प्रति घंटा रही थी। मौसम के इस बदलाव से इस समयावधि में तापमान भी तेजी से गिरा। अल सुबह तीन बजे आइजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता सिर्फ 1500 मीटर रह गई तो ढाई बजे जो तापमान 35 डिग्री था, वह साढ़े चार बजे आठ डिग्री गिरकर 27 डिग्री रह गया।

    वर्षा सुबह साढ़े आठ बजे तक 42 मिमी दर्ज की गई

    दिन में मौसम खुल गया। हालांकि बादलों की लुका-छिपी चलती रही, लेकिन न फिर आंधी चली और न वर्षा हुई। अलबत्ता, तेज हवाओं का दिन भर चलता रहा। इससे गर्मी में भी कमी महसूस की गई। रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री कम 20.0 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री कम 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक दिन पहले की तुलना में यह क्रमश: 9.6 डिग्री और 6.2 डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 100 से 58 प्रतिशत रहा। वर्षा सुबह साढ़े आठ बजे तक 42 मिमी दर्ज की गई।

    सप्ताह भर तक कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले सप्ताह भर तक कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान रोजाना ही बादल छाए रहेंगे। आंधी-वर्षा की संभावना बनी रहेगी और तापमान भी 40 डिग्री से नीचे ही होगा। जहां तक सोमवार का पूर्वानुमान है तो सामान्यतया बादल छाए रहेंगे। रात के समय 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने, गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने एवं हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 23 डिग्री रह सकता है।

    अल सुबह ढाई बजे से साढ़े पांच बजे तक कहां कितनी रही आंधी की रफ्तार (प्रति घंटा किमी)

    स्थान आंधी की रफ्तार (किमी/घंटा) समय
    पालम 56 4:30 PM
    भारत मंडपम 67 4:00 PM
    इग्नू 63 3:30 PM - 4:30 PM
    सफदरजंग 104 4:00 PM

    रविवार सुबह साढ़े बजे तक कहां कितनी हुई वर्षा (मिमी में)

    स्थान वर्षा (मिलीमीटर)
    सफदरजंग 42.0
    पालम 15.3
    लोधी रोड 44.2
    रिज 8.0
    आयानगर 7.8
    राजघाट 16.1
    पूसा 29.0

    रविवार को विभिन्न स्थानों का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

    स्थान अधिकतम (डिग्री सेल्सियस) न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस)
    सफदरजंग 35.6 20.0
    पालम 35.0 24.0
    लोधी रोड 34.4 20.2
    रिज 34.5 20.8
    आयानगर 35.5 23.7
    राजघाट 33.5 23.9
    पूसा 33.1 23.8
    नजफगढ़ 34.5 30.0
    मुंगेशपुर 33.5 26.2
    पीतमपुरा 34.8 ---
    मयूर विहार 33.2 24.4