दिल्ली-एनसीआर में ठंड से कांपे लोग, सीजन में पहली बार 7.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा; IMD ने जारी किया अलर्ट
Delhi Weather Update दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी ठंड बढ़ गई है। लगातार कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया जा रहा है। सोमवार की सुबह इस सीजन की सबसे ठंडी रही।
नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। दिल्ली-एनसीआर में लगातार ठंड में इजाफा हो रहा है। तुलनात्मक रूप से दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह अधिक ठंडी रही, इस दौरान हल्का कोहरा भी नजर आया। यह अलग बात है कि इस कोहरे की वजह से लोगों को कुछ खास दिक्कत नहीं आई। इस बीच ठंड में इजाफा जारी है। दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम यानी 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
ठंड से कांपे लोग
दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप के बावजूद लोगों ने ठंड महसूस की। कुछ लोगों ने तो कंपकंपी भी महसूस की। दफ्तरों और अन्य कामों के लिए घरों से निकले लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। ज्यादातर लोगों ने ठंड से बचने के लिए स्वैटर और जैकेट का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।
शीतलहर को जारी हुआ पूर्वानुमान
इस बीच IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिसंबर के दूसरे सप्ताह से ही शीत लहर चलने शुरू हो सकती है। इसके साथ डाक्टरों का कहना है कि ठंड को लेकर अभी से सतर्क होने के जरूरत है, क्योंकि इसके चलते बुजुर्गों और बच्चों को दिक्कत आ सकती है। मंगलवार को हवा की दिशा उत्तरी पश्चिमी रहने और गति चार किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
इस बीच दिल्ली लगातार गिर रहे तापमान और बढ़ती सर्दी के मद्देनजर सोमवार की सुबह इस सीजन में सबसे ठंडी रही। औसत न्यूनतम तापमान अभ्री तक का सबसे कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो धीरे धीरे सर्दी में और वृद्धि होती जाएगी। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार सुबह खासी ठंड महसूस हुई।
सोमवार को सबसे ठंडी रही सुबह
सोमवार को औसत न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। इससे पहले 25 नवंबर को न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी का स्तर 95 से 38 प्रतिशत रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री की दृष्टि से लोधी रोड जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री के लिहाज से मयूर विहार सबसे ठंडा इलाका रहा।
Delhi Air Pollution: दिल्ली की हवा आज भी ‘बेहद खराब’, 'जहरीली' हवा में नहीं हुआ कोई सुधार