Delhi Weather: अगले छह दिनों तक रोज बारिश के आसार, 40 डिग्री से नीचे रहेगा तापमान; पढ़ें IMD का नया अपडेट
दिल्ली में अगले छह दिनों तक हल्की बारिश की संभावना है जिससे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार लू चलने की संभावना नहीं है लेकिन उमस बनी रहेगी। दिन में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लगातार चौंका रहा मई माह का मौसम आने वाले दिनों में भी हैरान करता रहेगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले छह दिन यानी 24 मई तक रोजाना ही राजधानी में हल्की वर्षा होने के आसार हैं। इस दौरान तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे ही रहेगा। यानी लू चलने की हाल फिलहाल कोई संभावना नहीं है। अलबत्ता, उमस में वृद्धि होने से गर्मी तब भी परेशान करती रहेगी।
इस बीच रविवार को भी मौसम खासा गर्म रहा। दिन भर आसमान साफ रहा और खासी तीखी धूप निकली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.0 डिग्री अधिक 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक 26.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 62 से 26 प्रतिशत दर्ज हुआ। 43.2 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ पालम एवं 28.4 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ पीतमपुरा दिल्ली के सर्वाधिक गर्म इलाके रहे।
सोमवार को आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। हवा की रफ्तार 50 किमी तक जा सकती है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। कमोबेश पूरे सप्ताह दिल्ली में ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।