Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Weather News: मौसम में गर्माहट बरकरार, न्यूनतम तापमान भी ज्यादा; जानिए कैसा रहेगा आज का मौसम

    Updated: Sun, 10 Nov 2024 05:54 AM (IST)

    Delhi Weather Forecast Update दिल्ली के मौसम में पिछले 24 घंटों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से मौसम में अभी गर्माहट बरकरार है। जानिए आज का मौसम कैसा रहेगा और आने वाले दिनों में तापमान में क्या बदलाव होगा।

    Hero Image
    मौसम में गर्माहट बरकरार, न्यूनतम तापमान भी ज्यादा।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी के मौसम में पिछले 24 घंटे में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से मौसम में अभी गर्माहट बरकरार है। रात के वक्त भी अभी लोगों को पंखा चलाना पड़ रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तापमान के आंकड़े भी बताते हैं कि पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार नवंबर में अब तक गर्मी ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार अब तक एक बार भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय न होने व पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं होने से तापमान सामान्य से अधिक रह रहा है।

    तीन से चार दिनों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, लेकिन अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।

    मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अभी छह दिनों तक स्मॉग बना रहेगा। इसके अलावा रविवार सहित तीन दिन सुबह में हल्का या मध्यम स्तर का कोहरा हो सकता है। शाम को कुछ जगहों पर स्माग व धुंध हो सकती है। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

    शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में पूरे दिन स्माग रहा। इसके अलावा धूंध व हल्के कोहरा के कारण सफदरजंग के पास सुबह सात बजे न्यूनतम दृश्यता 600 मीटर रही। बाद में सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता बढ़कर 900 मीटर हुई।

    शाम साढ़े पांच बजे सफदरजंग के पास दृश्यता 1200 मीटर रही। आइजीआइ एयरपोर्ट के पास सुबह साढ़े सात बजे न्यूनतम दृश्यता 1100 मीटर रही और शाम साढ़े पांच बजे दृश्यता 2200 मीटर रही। दिन में हवा की गति महज चार से आठ किलोमीटर प्रतिघंटे रही। रात में हवा की गति और भी कम रही। रात में पूर्व दिशा की तरफ से दो से छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चली।

    मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता है तो वर्षा होती है और वर्षा के बाद तापमान कम होता है। इस बार अब तक ऐसा नहीं हुआ है। इसके अलावा अभी पूर्व की तरफ से हल्की हवा चल रही है। इस वजह से हवा की दिशा भी ठंड बढ़ने के अनुकूल नहीं रही है।

    मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिनों में उत्तर भारत के इलाकों में ठंड बढ़नी शुरू होगी। दिल्ली में 13 नवंबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।

    पिछले पांच वर्षों में नवंबर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

    वर्ष अधिकतम न्यूनतम

    2023- 27.8 13.0

    2022- 28.8- 12.3

    2021- 27.8- 12.3

    2020- 27.9- 10.2

    2019- 28.1- 15.0