Delhi Weather Forecast: दिल्ली-NCR में कोहरा कब तक करेगा परेशान, पढ़ें- IMD का पूर्वानुमान
Delhi Weather Forecast दिन में चटक धूप खिली तो दिल्ली वासियों को ठंड से खासी राहत मिली लेकिन सुबह-शाम ठिठुरन भरी ठंड ने लोगों को परेशान भी किया। दिल्ली का अधिकतम तापमान बढ़कर 26.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को भी मौसम साफ है। कई इलाकों में सुबह कोहरा भी रहा। इसकी वजह से दृष्यता कम होने से लोगों को वाहन में लाइट जलाकर जाना पड़ा। इससे पहले मंगलवार को दिन में चटक धूप खिली तो दिल्ली वासियों को ठंड से भी खासी राहत मिली। लेकिन सुबह-शाम ठिठुरन भरी ठंड बरकरार रही। सुबह के समय कोहरा भी परेशान कर रहा है। अभी ऐसा ही मौसम कई दिनों तक बने रहने की संभावना है। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान बढ़कर 26.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है।
हालांकि सुबह के समय दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 42 से 100 फीसद रहा। 27.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम एवं 12.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ पीतमपुरा दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा। मंगलवार को कई इलाकों में सुबह घना कोहरा भी देखने को मिला। सफदरजंग पर तो दृश्यता महज 50 मीटर तक रह गई।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद दिल्ली का मौसम साफ हो गया है। सुबह के समय कोहरे की स्थिति बन रही है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ-साथ चटक धूप निकल आती है जिससे मौसम गर्म होने लगतता है। अभी इस पूरे सप्ताह मौसम साफ रहने से रात और सुबह के समय ठिठुरन भरी ठंड रहेगी जबकि दिन में धूप से राहत मिलती रहेगी। इसके अलावा सुबह के समय कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
ठंड के साथ प्रदूषण भी बरकरार
मौसमी उतार चढ़ाव के बीच वायु प्रदूषण भी बरकरार है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 305 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 347, गाजियाबाद का 374, ग्रेटर नोएडा का 348, गुरुग्राम का 313 और नोएडा का 322 दर्ज किया गया। सभी जगहों की बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। दूसरी तरफ मंगलवार को दिल्ली में पीएम 10 का स्तर 295 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर जबकि पीएम 2.5 का स्तर 152 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया। सफर इंडिया के मुताबिक अभी अगले तीन दिन तक प्रदूषण का स्तर बहुत खराब श्रेणी में ही बने रहे के आसार हैं।