Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में झमाझम बारिश जारी, कई जगह भरा पानी, लगा हुआ है लंबा जाम
बृहस्पतिवार को उमस भरी गर्मी से दिल्ली-एनसीआर वासियों को खासी राहत मिली। अधिकतम तापमान में भी सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बृहस्पतिवार को भी दिनभर बादल छाए रहेंगे।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। बृहस्पतिवार को मौसम ने करवट बदली और दोपहर के बाद पूरे दिन बारिश होती रही। कभी हल्की बारिश हुई तो शाम चार बजे झमाझम बारिश देखने को मिली। झमाझम बारिश के बाद मौसम के पारे में भी काफी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से शाम चार बजे ये चेतावनी भी जारी की गई कि अगले दो घंटों में दिल्ली-एनसीआर के इलाके में झमाझम बारिश होगी। इससे पहले मंगलवार और बुधवार की सुबह कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हुई थी। बृहस्पतिवार को उमस भरी गर्मी से दिल्ली-एनसीआर वासियों को खासी राहत मिली। अधिकतम तापमान में भी सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बृहस्पतिवार को भी दिनभर बादल छाए रहेंगे।
#WATCH | Delhi: Vehicular movement affected as some roads are waterlogged in the national capital, due to rainfall
Visuals from ITO pic.twitter.com/NjbNBQzWGb— ANI (@ANI) July 29, 2021
मौसम विभाग की ओर से बृहस्पतिवार की दोपहर भी पूर्वानुमान जारी किया गया। विभाग के अनुसार पूरी दिल्ली और फरीदाबाद, बल्लभगढ़, महेंद्रगढ़, नारनौल, कोसली, चरखी दादरी, झज्जर, नूंह, सोहना, भिवानी, गोहाना, रोहतक, महेम, भिवानी, जींद, गुरुग्राम, मानेसर के आसपास और आसपास के इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।
आईएमडी की ओर से जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार दादरी, नोएडा, जीआर नोएडा, गाजियाबाद, मोदीनगर, खुर्जा, बुलंदशहर, अलीगढ़, बदायूं, जट्टारी, मथुरा, बरसाना, नंदगांव, शामली, बरुत, मेरठ, कासगंज (यूपी), अलवर, तिजारा, खैरथल, नगर, नदबई, भरतपुर, अगले 2 घंटों के दौरान डीग (राज) और सिवानी, सादुलपुर, लोहारू में हल्की बारिश की संभावना बताई गई। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए पहले से ही आरेंज, जबकि शुक्रवार और शनिवार के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है।
वहीं, पिछले दस सालों में 28 जुलाई का दिन सबसे ठंडा रहा। आलम यह रहा कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सिर्फ ढाई डिग्री का अंतर रह गया। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को भी बारिश का यह दौर जारी रहेगा। इससे पहले बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। 2011 से लेकर पिछले 10 सालों में 27 जुलाई का यह सबसे कम अधिकतम तापमान है।
न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.1 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 84 से 100 फीसद रहा। खास बात यह कि बुधवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में केवल 2.5 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया। बारिश सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक 4.1 मिमी दर्ज की गई। रिज में सर्वाधिक 32.6 मिमी बारिश रिकार्ड हुई।
कई जगह अधिकतम और न्यूनतम तापमान में रहा नाममात्र का अंतर
बुधवार को दिल्ली के ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में काफी कम अंतर देखा गया। जाफरपुर में तो यह अंतर नहीं के बराबर था। यहां का अधिकतम तापमान 26.4 जबकि न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पालम अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 27.2 और 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा।