Delhi Violence: जीटीबी में भर्ती हुए अधिकांश की उम्र 20-40 के बीच
Delhi Violence जीटीबी अस्पताल में अब तक कुल 16 की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। मरने वालों में एक महिला भी शामिल है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Violence: उत्तर-पूर्वी जिले में एक सप्ताह पूर्व भड़की सांप्रदायिक हिंसा के दौरान बड़ी संख्या में घायलों को गुरू तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां भर्ती होने वाले घायलों का आंकड़ा बृहस्पतिवार को 298 तक पहुंच गया। हालांकि, इनमें से अधिकांश घायलों को पहले ही छुट्टी दी जा चुकी है। जबकि इनमें से अब तक कुल 16 की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। मरने वालों में एक महिला भी शामिल है। 28 शवों को यहां पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था। देर शाम तक 40 से ज्यादा घायल अभी जीटीबी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं।
जीटीबी अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुनील कुमार द्वारा उम्र के हिसाब से कुल 279 घायलों के जारी आंकड़ों के मुताबिक यहां भर्ती होने वाले घायलों में अधिकांश की उम्र औसतन 20 से 40 वर्ष है। इनमें 272 पुरुष, छह महिलाएं और एक अज्ञात है। वहीं 10-15 वर्ष के चार, 15-20 वर्ष के 23, 20-25 वर्ष के 52, 25-30 वर्ष के 28, 30-35 वर्ष के 54, 35-40 वर्ष के 31, 40-45 वर्ष के 21, 45-50 वर्ष के 12, 50 से 55 वर्ष आठ, 55-60 वर्ष के नौ, 60-65 वर्ष के पांच, 65-70 वर्ष का कोई नहीं, 70 वर्ष का एक, 85 वर्ष के तीन और 90 वर्ष का एक घायल भर्ती हुआ जबकि 27 घायलों की उम्र का कोई पता नहीं चला।