यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi University: दिल्ली विश्वविद्यालय में बदल गए दाखिले के नियम, JEE की तर्ज पर होगी काउंसलिंग; पढ़िए पूरी जानकारी
Delhi University Admission दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातक की 70 हजार सीटों पर इस बार संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) से ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) के स्नातक की 70 हजार सीटों पर इस बार संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी, CUET) से दाखिले होंगे। प्रवेश परीक्षा (Entrance Examinations) का दौर शुक्रवार से शुरू होगा। डीयू (DU) ने भी कालेजों में दाखिले संबंधी दिशानिर्देश तैयार कर लिए हैं।
ई-काउंसलिंग करेगी डीयू
डीयू के कुलसचिव डा. विकास गुप्ता ने बताया कि बहुत जल्द विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे। सीयूईटी का परिणाम (CUET Result) जारी होने के बाद डीयू ई-काउंसलिंग (DU E-Counselling) शुरू करेगा। जेईई की तर्ज पर ई-काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पोर्टल पर कराना होगा पंजीकरण
कुलसचिव ने बताया कि मेरिट जारी होने के बाद जो छात्र डीयू में दाखिला (Admission in DU) चाहते हैं, उन्हें डीयू दाखिला पोर्टल पर पंजीकरण करवाना होगा। उसके बाद काउंसलिंग होगी। डैशबोर्ड पर छात्रों के सीयूईटी स्कोर और कालेजों की सूची व विषय आदि दिखेंगे।
छात्रों द्वारा चुने गए कालेजों में मिलेगा दाखिला
दाखिला छात्रों की ओर से चुने गए कालेजों में मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। कालेज कटआफ जारी नहीं करेंगे। मान लीजिए किसी छात्र के गणित में 99 नंबर हैं। अब यह छात्र पर निर्भर करेगा कि वह किस कालेज में दाखिले के लिए आवेदन करेगा।
कालेज बदलने का मिलेगा विकल्प
उच्चतम नंबर वाले जो छात्र किसी विषय में दाखिले के लिए आवेदन करेंगे, उसके बाद उनसे कम मेरिट वालों को दाखिला दिया जाएगा। छात्रों को कालेज बदलने का भी विकल्प मिलेगा। गौरतलब है कि डीयू इस बार स्नातक के सभी पाठ्यक्रमों में सीयूईटी से ही दाखिला देगा।
दाखिले में देरी संभव
दाखिला विभाग से जुड़े एक पदाधिकारी ने बताया कि सीयूईटी पहले जुलाई के दूसरे हफ्ते में प्रस्तावित थी। 10 अगस्त तक परीक्षाएं होनी थीं और 15 दिन बाद परीक्षा परिणाम जारी होना था, लेकिन अब शेड्यूल बदल गया है।
20 अगस्त तक परीक्षाएं होनी हैं। परीक्षा के कम से कम 15 दिन बाद परिणाम जारी होगा। डीयू जुलाई महीने में दाखिला पोर्टल पर पंजीकरण शुरू करना चाह रहा था, लेकिन अब अगस्त के आखिरी हफ्ते या फिर सितंबर के पहले हफ्ते में पंजीकरण शुरू होंगे। छात्र सीयूईटी पंजीकरण के जरिये ही डीयू पोर्टल पर भी लाग इन कर सकेंगे।
