Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Delhi Weather: अगले छह दिन दिल्ली में चलेगी लू, 42 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान; जानें कब मिलेगी राहत

    Updated: Sat, 05 Apr 2025 12:06 AM (IST)

    राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में अप्रैल में ही लू का कहर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 4-5 दिन बाद दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

    Hero Image
    अगले छह दिन दिल्ली में चलेगी लू, 42 डिग्री तक जाएगा तापमान।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। इस साल राजधानी में लू का प्रहार अप्रैल में ही होने की आशंका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर पश्चिमी भारत के दक्षिणी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, गुजरात, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश भी लू से प्रभावित रहेंगे। मंगलवार के बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से तापमान में थोड़ी नमी आएगी।

    मई और जून के महीने में आमतौर पर चलती है लू

    आमतौर पर राजधानी में लू मई और जून के महीने में ही चलती है। लेकिन, इस बार मौसम का रुख दिल्ली समेत पूरे देश में काफी गरम है। दिल्ली में जनवरी, फरवरी एवं मार्च का महीना भी सामान्य से ज्यादा गर्म साबित हुआ है। अप्रैल में भी मौसम का यही रुख देखने को मिल रहा है।

    दोपहर के समय लोगों को खासी परेशानी

    शुक्रवार को भी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही तेज धूप खिल गई थी। दिन चढ़ने के साथ धूप और तीखी होती गई। तीखी धूप के चलते खासतौर पर दोपहर के समय लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

    पीतमपुरा सबसे गर्म इलाका रहा

    न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस समय का सामान्य तापमान है। हवा में नमी का स्तर 63 से 18 प्रतिशत तक रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री की दृष्टि से रिज क्षेत्र जबकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 22.3 के लिहाज से पीतमपुरा सबसे गर्म इलाके रहे।

    अगले पांच दिनों तक मौसम रहेगा खासा गर्म

    मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार से अगले पांच दिनों के लिए दिल्ली का मौसम खासा गर्म रह सकता है। इस दौरान दिन भर तेज धूप निकली रहेगी और आसमान साफ रहेगा। तेज धूप, बादल नहीं होने और मौसम में नमी की मात्रा कम होने के चलते लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का अहसास होगा। मौसम विभाग ने इसके लिए लू का यलो अलर्ट भी जारी किया है।

    तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार

    मौसम विभाग के मुताबिक जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर और सामान्य से साढ़े चार से साढ़े छह डिग्री सेल्सियस ऊपर रहता है तो ऐसी स्थिति को लू की स्थिति माना जाता है। अगले पांच दिनों के बीच अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

    पांच दिन बाद मौसम में होगा बदलाव

    मौसम विभाग का अनुमान है कि पांच दिन दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में मौसम बेहद गर्म रहने के आसार हैं। जबकि, आठ तारीख से एक नया पश्चिमी विक्षोभ का पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दिखाई पड़ने की संभावना है। इसके चलते दिल्ली व आसपास के इलाकों में भी मौसम में हल्का बदलाव आएगा। दिल्ली लू की स्थिति से बाहर निकलेगी और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आएगा।

    दिल्ली का एक्यूआई 219 यानी खराब श्रेणी में दर्ज

    उधर दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिलहाल खराब ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 219 यानी खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। एक दिन पहले बृहस्पतिवार को यह 217 रहा था। हाल फिलहाल एक्यूआई इसी श्रेणी में बने रहने की संभावना है। एनसीआर के शहरों में भी यह मध्यम से खराब श्रेणी में ही चल रहा है।