Delhi Weather Update: सूरज और बादलों के बीच चलती रहेगी लुका छुपी, लगातार चार दिन हल्की बारिश के आसार
श्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को भी राजधानी का मौसम अपेक्षाकृत ठंडा ही रहा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से कम दर्ज किए गए। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिन और लगातार हल्की वर्षा का दौर बना रह सकता है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को भी राजधानी का मौसम अपेक्षाकृत ठंडा ही रहा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से कम दर्ज किए गए। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिन और लगातार हल्की वर्षा का दौर बना रह सकता है। इस दौरान तापमान भी 40 डिग्री से नीचे ही रहेगा।
शुक्रवार को दिन भर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही। लेकिन धूप में चुभन कम थी और हवा भी चल रही थी। यही वजह रही कि अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 34.9 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 84 से 43 प्रतिशत रहा।
रिज की सुबह रही सबसे ज्यादा ठंडी
दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर सुबह के समय ठंडी नमी भरी हवा चलती रही। इसके चलते यूं तो पूरी दिल्ली में ही न्यूनतम तापमान में खासी गिरावट देखी गई, लेकिन रिज की सुबह सबसे ज्यादा ठंडी रही। यहां का न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जोकि सामान्य से नौ डिग्री कम है।
पूसा में हुई सबसे ज्यादा बरसात
बृहस्पतिवार की शाम और रात को दिल्ली के ज्यादातर जगहों पर हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हुई। लेकिन, पूसा में सबसे ज्यादा वर्षा रिकार्ड की गई। यहां पर 47.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। पालम में 22.2 मिमी और आया नगर में 10.8 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है।
शनिवार को भी वर्षा का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी दिल्ली में दिन भर बादल छाए रहेंगे। कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान 37 जबकि न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई वर्षा होने के आसार बने रहेंगे।
संतोषजनक श्रेणी में पहुंचा एक्यूआई
तेज हवाओं के साथ हुई वर्षा का असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली एक्यूआइ 98 रहा। इस स्तर की हवा को ''संतोषजनक'' श्रेणी में रखा जाता है। 24 दिनों बाद एक्यूआइ 100 से नीचे पहुंचा है। इससे पहले दो मई को दिल्ली का एक्यूआइ 76 रहा था।