Delhi weather updates: दिल्ली का तापमान बढ़ा, जानिए कब बदलेगा मौसम और कब होगी बारिश
दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री पार हो गया। न्यूनतम तापमान में भी इजाफा दर्ज किया गया। ऐसी ही गर्मी शनिवार को भी रहेगी।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। धीरे-धीरे बढ़ती गर्मी के बीच शुक्रवार खासा गर्म दिन रहा। दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री पार हो गया। न्यूनतम तापमान में भी इजाफा दर्ज किया गया। ऐसी ही गर्मी शनिवार को भी रहेगी। तापमान 42 डिग्री पार हो सकता है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को मौसम करवट लेगा। हवा चलने के साथ ही हल्की बारिश होने के भी आसार हैं।
पालम दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा
पिछले कई दिनों से खिल रही तेज धूप के बीच शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 26 से 75 फीसद रहा। पालम दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41.2 जबकि न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 39.7 और आया नगर में 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में आएगा बदलाव
स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि शनिवार को भी गर्मी व तापमान में इजाफा जारी रहेगा। इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के फलस्वरूप रविवार को मौसम में बदलाव आएगा जो अगले तीन दिन तक देखने को मिलेगा। बादल छाए रहेंगे। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवा चलने और हल्की बारिश होने के भी बने रहेंगे। हालांकि इससे तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं आएगा। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है।
सड़कों पर बढ़े वाहन तो वायु प्रदूषण में भी हुआ इजाफा
पिछले दो तीन दिनों से सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ रही है तो वायु प्रदूषण में भी इजाफा नजर आने लगा है। पहले जहां दिल्ली-एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) अच्छी श्रेणी में चल रहा था, वहीं अब यह सामान्य श्रेणी में आ गया है। दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआइ शुक्रवार को भी सामान्य श्रेणी में ही दर्ज हुआ। सभी शहरों की हवा सामान्य श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली का पीएम 2.5 और पीएम 10 शुक्रवार को क्रमश: 47 और 112 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआइ -
शहर एक्यूआइ
दिल्ली 134
फरीदाबाद 169
गाजियाबाद 162
ग्रेटर नोएडा 129
गुरुग्राम 159
नोएडा 108