Delhi School Education: दिल्ली में शिक्षा का स्तर बेहतर, 6 जिलों को उत्तम तो 7 को मिला है अति उत्तम ग्रेड
Delhi School Education दिल्ली में शिक्षा का स्तर बेहतर पाया गया है। यह बात केंद्र सरकार की ओर से जारी निष्पादन ग्रेडिंग सूचकांक की रिपोर्ट में सामने आई है। इस रिपोर्ट को शिक्षा के आधार पर बनाया गया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। केंद्र सरकार ने सोमवार को निष्पादन ग्रेडिंग सूचकांक की साल 2018-19 और 2019-20 की संयुक्त जिलेवार रिपोर्ट जारी की है। देश की राजधानी दिल्ली में शिक्षा का स्तर बेहतर पाया गया। शिक्षा के आधार पर प्रदेश को 13 जिलों में बांटकर बनाई रिपोर्ट में छह जिलों को उत्तम और सात जिलों को अति उत्तम ग्रेड दिया गया है।
ग्रेडिंग में सबसे अच्छा रिकार्ड राजस्थान का रहा। केंद्र की इस रिपोर्ट में साल 2018-19 में 725 जिले और साल 2019-20 में 733 जिले शामिल हैं। उत्कर्ष ग्रेड में साल 2019-20 में राजस्थान के तीन जिले शामिल है। इसमें सीकर को 600 में 488 अंक, झुंझुनूं 600 में 486 और जयपुर को 600 में 482 अंक मिले हैं।
दिल्ली के सभी 13 जिले अति उत्तम ग्रेड और उत्तम ग्रेड में हैं। इसमें सात जिले अति उत्तम ग्रेड और छह जिले उत्तम ग्रेड में हैं। 2018-19 में दिल्ली के केवल दो जिले अति उत्तम ग्रेड में है, जिसमें पश्चिम-क और उत्तर पश्चिम शामिल है। बाकी सभी जिले उत्तम ग्रेड में हैं।
रिपोर्ट में सभी जिलों को विभिन्न ग्रेड मिले हैं। इसमें दक्ष (90 प्रतिशत से अधिक), उत्कर्ष (81}-90}), अति उत्तम (71}-80}), उत्तम (61}-70}), प्रचेष्टा -1 (51}-60}), प्रचेष्टा-2 (41}-50}), प्रचेष्टा (31}-40}), आकांक्षी-1 (21}-30}), आकांक्षी-2 (11}-20}), आकांक्षी-3 (10} तक के लिए) ग्रेड शामिल हैं।
लर्निंग आउटकम में राजस्थान के जिले आगे
देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सीखने के परिणाम (लर्निंग आउटकम) और गुणवत्ता के मामलों में राजस्थान प्रथम स्थान पर है। लर्निंग आउटकम का आंकलन कुल 290 अंकों के आधार पर किया गया है। रिपोर्ट के तहत साल 2019-20 में राजस्थान का झुंझुनूं जिला 290 अंकों में से 236 अंक लाकर लर्निंग आउटकम के मामले में प्रथम स्थान पर है।
राजस्थान के सीकर और जयपुर जिले 228 अंक लाकर दूसरे स्थान पर हैं और नागौर जिला 227 अंक लाकर तीसरे स्थान पर है। दिल्ली में देखे तो साल 2019-20 की रिपोर्ट में सभी जिलों में नई दिल्ली जिला आगे है। उत्तरी जिले को 159 अंक, पश्चिम को 153 अंक मिले हैं। साल 2018-19 की रिपोर्ट में पश्चिम जिला आगे था।
ऐसे जांचा शिक्षा का स्तर
रिपोर्ट कुल 600 अंकों के आधार पर जारी हुई है, जिसे छह श्रेणियों में समूहीकृत किया गया है। इसमें लर्निंग आउटकम, प्रभावी कक्षा बातचीत, बुनियादी सुविधाएं और छात्र नामांकन, स्कूल सुरक्षा, छात्र संरक्षण, डिजिटल शिक्षा और शासन प्रक्रिया शामिल है।