रणजीत नगर में कापी-किताब दिलाने के बहाने छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, आरोपित फरार
रणजीत नगर इलाके में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार की है। बच्ची गुरुद्वारा में लंगर खाने गई थी। इस दौरान आरोपित युवक ने कापी-किताब दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। और वारदात को अंजाम दिया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। रणजीत नगर इलाके में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार की है। बच्ची गुरुद्वारा में लंगर खाने गई थी। इस दौरान आरोपित युवक ने कापी-किताब दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। और वारदात को अंजाम दिया। बच्ची खून से लथपथ हालत में किसी तरह घर पहुंची। उसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं आरोपित पुलिस की पकड़ से अभी दूर हैं।
जानकारी के अनुसार, छह वर्षीय बच्ची परिवार के साथ रंजीत नगर इलाके में रहती है। पिता रिक्शा चालक है जबकि मां घरों में साफ-सफाई का काम करती हैं। उसकी एक 11 महीने की छोटी बहन भी है। शुक्रवार सुबह बच्ची लंगर खाने गुरुद्वारा गई थी। इस दौरान आरोपित युवक ने कापी-किताब दिलाने की बात कहकर बच्ची को बहलाया और 10 रुपये देकर उसे अपने साथ एक कमरे पर ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस बीच पीड़ित के स्वजन ने उसकी आसपास तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
कुछ देर बाद वह खून से लथपथ हालत में किसी तरह घर पहुंची। बेटी की हालत देखकर मां के होश उड़ गए और तुरंत मामले की सूचना उन्होंने अपनी पति को दी। इसके बाद पिता को इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में आरोपित बच्ची को ले जाते हुए दिखा है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में दिखे आरोपित ने मास्क पहन रखा है। उसकी पहचान कर ली गई। उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस को भेजा नोटिस : दिल्ली महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया। आयोग ने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई करने को कहा और मामले में की गई गिरफ्तारियों के साथ दिल्ली पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा इस व्यवस्था की विफलता ही है जो छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे। उन्होंने कहा कि केवल कड़े कदम उठाकर ही बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।