विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update Today: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहावना, कई इलाकों में जलभराव की समस्या

By Jagran NewsEdited By: Narender Sanwariya
Published: Sat, 05 Aug 2023 05:30 AM (GMT+05:30)Updated: Sat, 05 Aug 2023 08:45 AM (GMT+05:30)

पिछले माह रिकॉर्ड वर्षा के बाद इस माह के पहले सप्ताह में मानसून कमजोर रहा है। इस वजह से इस ...और पढ़ें

दिल्ली और NCR में शनिवार को सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। (एएनआई)
दिल्ली और NCR में शनिवार को सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। (एएनआई)

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली और आसपास इलाकों में शुक्रवार देर रात से ही झमाझम बारिश हो रही है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर में लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह कई इलाकों में तेज बारिश हुई।

कई इलाकों में जलभराव

यह बरसात सुबह आठ बजे के बाद भी धीमी गति से जारी है। दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद आदि में बारिश होने के चलते कई इलाकों में जलजमाव की भी समस्या पैदा हो गई है।

बदरपुर में बारिश के चलते मेट्रो स्टेशन के नीचे जलभराव हो गया है। इसकी वजह से यहां से आने-जाने वालों को परेशानी हो रही है।

सुबह दफ्तर जाने वाले रहे परेशान

सुबह-सुबह बारिश होने से दफ्तर, कॉलेज और स्कूल जाने वाले परेशान रहे। लोगों को भीगते हुए अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा, वहीं कई को वर्क फ्रॉम होम करना पड़ा।

शुक्रवार के लिए जारी था अलर्ट लेकिन नहीं हुई बारिश

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी कर मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना जारी की थी लेकिन सुबह साढ़े आठ बजे के बाद मयूर विहार को छोड़ दिल्ली में कहीं वर्षा नहीं हुई। दोपहर में धूप भी निकल गई। इस वजह से उमस भरी गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिली।

मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस वजह से शनिवार और रविवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में वर्षा हो सकती है। इस दौरान तेज वर्षा होने की संभावना नहीं है। अगले सप्ताह भी बुधवार तक वर्षा होने की खास संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार की देर रात भी कई इलाकों में वर्षा हुई थी। इसके बाद सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे से पहले 2.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। पालम और आया नगर में सबसे अधिक क्रमश: 27 मिलीमीटर और 27.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

जाफरपुर में 5.5 मिलीमीटर व रिज एरिया में 4.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। सुबह साढ़े आठ बजे के बाद मयूर विहार में 0.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य है। सुबह में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य है।

इस माह अब तक सामान्य से कम वर्षा

पिछले माह रिकॉर्ड वर्षा के बाद इस माह के पहले सप्ताह में मानसून कमजोर रहा है। इस वजह से इस माह के शुरुआती चार दिनों में सामान्य से 54 प्रतिशत वर्षा कम हुई है। मौसम विभाग के अनुसार एक से चार अगस्त के बीच दिल्ली में सामान्य तौर पर 33.2 मिलीमीटर वर्षा होती है।

जबकि इस बार 15.1 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य से 17.9 मिलीमीटर कम है। पिछले माह जुलाई में दिल्ली में 384.6 मिलीमीटर वर्षा हुई थी जो सामान्य (209.7 मिलीमीटर) से 83 प्रतिशत अधिक है।