Ghaziabad: दिल्ली पुलिस के सिपाही ने बेटे से वकील के मुंशी को मरवाई गोली, फिर सिपाही ने खुद को मारी ईंट
कहासुनी के बाद दिल्ली पुलिस के सिपाही ने अधिवक्ता के मुंशी को पकड़ा और सिपाही के बेटे ने मुंशी के कूल्हे पर सटाकर गोली मार दी। घटना शनिवार शाम सवा छह बजे मसूरी के इंदरगढ़ी में लीलू कालोनी की है जब पीड़ित रामेश्वर दयाल घर से टहलने निकलने थे।
गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। कहासुनी के बाद दिल्ली पुलिस के सिपाही ने अधिवक्ता के मुंशी को पकड़ा और सिपाही के बेटे ने मुंशी के कूल्हे पर सटाकर गोली मार दी। घटना शनिवार शाम सवा छह बजे मसूरी के इंदरगढ़ी में लीलू कालोनी की है, जब पीड़ित रामेश्वर दयाल घर से टहलने निकलने थे।
उनकी पड़ोस में रहने वाले सिपाही मुकेश से कहासुनी हुई, जिसके बाद मुकेश के बेटे रोहित उर्फ महाराणा ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए मुकेश ने अपने सिर में ईंट मारकर खुद को भी घायल कर लिया।
स्वजन घायल को निजी अस्पताल ले गए, वहीं सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मुकेश को हिरासत में लेकर उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस रोहित को तलाश रही है।
रामेश्वर के परिवार में पत्नी पुष्पा, बेटी व बेटा है। उनके भाई मोहित ने बताया कि रामेश्वर कचहरी से लौटने के बाद रोजाना टहलने जाते हैं। शनिवार शाम छह बजे के बाद वह घर से निकले थे। कुछ मिनट बाद ही पड़ोसी ने चिल्लाकर उन्हें व भाभी को बुलाते हुए कहा कि वकील साहब (रामेश्वर) का झगड़ा हो गया है।
मोहित व पुष्पा घर से निकले ही थे कि गोली चलने की आवाज आई। वे घटनास्थल की ओर दौड़े तो सामने से रामेश्वर बदहवास हालत में आते दिखे। अगले ही पल वह गिर गए। दोनों ने देखा कि वह लहूलुहान हालत में हैं। मोहित ने पूछा कि क्या हुआ तो रामेश्वर ने कहा कि, महाराणा (रोहित) ने गोली मारी और उसके बाप (मुकेश) ने पकड़ा था। इसके बाद वह बेहोश हो गए।
मां ने बेटे को भगाकर छिपाया तमंचा
मोहित के मुताबिक पड़ोस में रहने वाले मुकेश कालोनी के कई लोगों से झगड़ता रहता है। उसका बेटा रोहित उर्फ महाराणा भी झगड़ालू किस्म का है। रामेश्वर के बताने पर रोहित के घर तक पहुंचे तो रोहित को भगाकर उसकी मां तमंचा घर के अंदर ले जाती दिखी। मुकेश वहीं खड़ा था। पूछने पर उसने गाली-गलौज की तो वह भाई की ओर लौटे और उन्हें पड़ोसी की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
मोहित के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुकेश के घर से गुजरते समय रामेश्वर की उससे कहासुनी हुई। इसी बीच रोहित भी आया और मारपीट की। आरोप है कि रोहित घर में गया और तमंचा लेकर बाहर आया, जिसके बाद रोहित ने रामेश्वर के कूल्हे पर सटाकर गोली मार दी।
डीसीपी ग्रामीण रवि कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले भी झगड़ा हो चुका है। दिल्ली पुलिस में तैनात मुकेश ने खुद को ईंट मार ली थी। रामेश्वर को हायर सेंटर रेफर किया गया है। स्वजन की शिकायत पर केस दर्ज कर रोहित को जल्द गिरफ्तार करेंगे।