मंत्रालय की फर्जी वेबसाइट बनाकर चल रहा था नौकरी देने का खेल, चढ़े पुलिस के हत्थे
दिल्ली पुलिस ने कृषि मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कारनामे हैरान करने वाले हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी की कई कहानियों को आपने पढ़ा होगा, मगर दिल्ली पुलिस के हत्थे एक ऐसा गिरोह चढ़ा है जिसने अपनी कारीगरी से पुलिस को परेशान कर रखा था। दिल्ली पुलिस ने कृषि मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि इनमें से एक ठग मात्र 12वीं पास है।
ऐसे चल रहा था खेल
पंडित दीनदयाल एग्रीकल्चर डेवलपमेंट रिसर्च काउंसिल के नाम पर ठगी का खेल चल रहा था। खुशी मोहम्मद और अर्जुन काउंसिल के नाम पर फर्जी वेबसाइट बना कर बेरोजगारों को ढग रहे थे। इन लोगों ने 'पंडित दीनदयाल कृषि विकास.कॉम' बना कर लोगों से नौकरी देने के नाम पर विज्ञापन डाल दिया। इसे देखकर लोगों ने नौकरी की आस में आवेदन भी कर दिया। फीस के नाम पर लोगों से डीडी लिए जा रहे थे। इस बीच अपराध शाखा को मिली जानकारी के बाद जब पड़ताल शुरू की गई तब कृषि मंत्रालय ने इस वेबसाइट को फर्जी बता दिया।
पुलिस ने इन लोगों को पकड़ने के लिए टीम गठित की। इस टीम में इंस्पेक्टर विजय सानवाल व संदीप मल्होत्रा ने इस काम को बखूबी अंजाम दिया। नतीजा दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
पढ़ाई में फिसड्डी मगर ठगी में अव्वल
पुलिस ने बताया एक आरोपी राजस्थान निवासी खुशी मोहम्मद उर्फ अमित यादव एवं दूसरा आरोपी अर्जुन सिंह कल्याणपुरी दिल्ली निवासी है। इनके पास से पांच लैपटॉप, 17 मोबाइल, 11 सिमकार्ड, स्टांप के साथ कई लोगों के पैन कार्ड एवं अन्य फर्जी कागजाद बरामद हुए हैं।
इन पर पहले भी धोखाड़ी के मामले दर्ज हुए हैं। दोनों की उम्र चालीस से कम है और खुशी मोहम्मद मात्र 12वीं पास है। अपराध शाखा से मिली जानकारी के अनुसार खुशी मोहम्मद पर चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं अर्जुन के खिलाफ एक मामला दर्ज है जिसमें उसे सीबीआइ ने एक बार 2016 में गिरफ्तार भी किया था।