विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi: फ्लाइट की उड़ान में देरी से नाराज हुआ यात्री, ट्वीट कर लिखा- विमान हाईजैक हो गया; बाद में मांगी माफी

By Gautam Kumar MishraEdited By: Abhi Malviya
Published: Thu, 26 Jan 2023 02:33 PM (IST)

मौसम के खराब होने के कारण दुबई से जयपुर जा रहे विमान को डाइवर्ट कर नई दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा ...और पढ़ें

करीब पांच घंटे तक विमान एयरपोर्ट पर खड़ा रहा।
करीब पांच घंटे तक विमान एयरपोर्ट पर खड़ा रहा।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। खराब मौसम के कारण दुबई से जयपुर जा रहे विमान को डाइवर्ट कर नई दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया। यहां से विमान को उड़ान भरने में हो रहे विलंब से तंग आकर एक यात्री ने नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को टैग करते हुए ट्वीट कर कहा कि विमान को हाईजैक कर लिया गया है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विमान की तलाशी ली। करीब पांच घंटे तक विमान एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। तलाशी की पूरी प्रक्रिया के बाद विमान को जयपुर रवाना किया गया।

यात्री ने जताया खेद

जिस यात्री ने हाईजैक होने की बात लिखी थी, बाद में उसने ट्वीट कर अपनी हरकत पर खेद जताया। यात्री ने कहा कि उसे अंग्रेजी कम आती है, इसलिए हाईजैक्ड लिख दिया। असल में उड़ान भरने में हो रही देरी के कारण गुस्से में आकर उसने ऐसा लिख दिया था। मोती सिंह राठौर नामक यूजर ने ट्वीट करते हुए अपनी इस हरकत के लिए माफी भी मांग ली।

स्पाइसजेट को किया टैग

प्रतिभा शर्मा नामक यूजर ने स्पाइसजेट को टैग करते हुए ट्वीट कर कहा कि खराब मौसम के कारण डाइवर्ट कर दिल्ली में विमान को चार घंटे से खड़ा कर दिया गया है। इस बारे में प्रबंधन ने बताया कि पायलट ट्रैफिक में फंसा है, जिस वजह से यात्री परेशान है। कुछ यात्रियों ने विलंब के कारण कहा कि वह लोग आगे की यात्रा किसी और विमान या किसी अन्य साधन से करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें एयरपोर्ट से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी गई।दरअसल, विदेश से आ रहे विमानों के साथ इमिग्रेशन के कुछ नियम होते हैं, जिसके कारण किसी को एयरपोर्ट परिसर से बाहर नहीं निलकने दिया जा सकता है। बता दें कि विलंब के कारण यात्रियों की परेशानी को देखते हुए नाश्ते और पानी का प्रबंध भी किया गया था।

जयपुर में था कोहरा

बुधवार को जयपुर में काफी कोहरा था। कोहरे के कारण एयरपोर्ट पर दृश्यता कम हो गई थी। इसके कारण दो विमानों को डाइवर्ट करना पड़ा था, जिसमें दुबई से जयपुर जा रहा एसजी 58 विमान भी शामिल था।

डयूटी हो गई थी खत्म 

इस पूरे प्रकरण में स्पाइसजेट प्रबंधन का कहना है कि उड़ान को जयपुर में खराब मौसम के कारण नई दिल्ली डाइवर्ट करना पड़ा था। इसके पहले कि विमान को जयपुर रवाना किया जाता, किसी यात्री ने विमान के हाईजैक होने की अफवाह फैला दी। इसके बाद जांच की प्रक्रिया शुरू हुई।