International Trade Fair: दर्शकों का टूटा रिकार्ड, दोगुना हुआ कारोबार; देश-विदेश के लोगों ने लिया हिस्सा
दिल्ली में 42वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में लोगों ने जमकर शिरकत की। मेले के क्षेत्रफल में वृद्धि हुई तो देश-विदेश की भागीदारी भी बढ़ी। कारोबार दोगुना हुआ राज्यों की हिस्सेदारी और विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के दौरे भी कहीं अधिक संख्या में रिकार्ड किए गए। बीते वर्ष 28 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों ने इसमें हिस्सा लिया था तो इस साल यह संख्या 29 हो गई।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। 42वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) हर मायने में खास रहा है। मेले के क्षेत्रफल में वृद्धि हुई तो देश-विदेश की भागीदारी भी बढ़ी। कारोबार दोगुना हुआ, राज्यों की हिस्सेदारी और विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के दौरे भी कहीं अधिक संख्या में रिकार्ड किए गए। 2024 में होने वाले 43वें आइआइटीएफ के लिए भी अभी से सभी की उम्मीदें परवान चढ़ने लगी हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2017 में प्रगति मैदान का नवीनीकरण कार्य आरंभ हुआ था, जो गत वर्ष तक पूरा नहीं हो पाया था। यही वजह है कि बीते कुछ वर्षों के दौरान मेला कम क्षेत्रफल में ही आयोजित हुआ। 2022 में भी यह तकरीबन 73 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में लगा था, जबकि इस वर्ष सर्वाधिक 1,20,000 वर्ग मीटर वर्ग मीटर में लगाया गया। 14 से 27 नवंबर तक 14 दिनों के दौरान पिछले साल इस मेले में करीब सात से आठ लाख दर्शक आए थे तो इस साल यह संख्या 10 लाख तक रही।
2022 के मेले में एक हजार करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ था
भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आइटीपीओ) के उप महाप्रबंधक (आइआइटीएफ) किशन कुमार ने बताया कि 2022 के मेले में एक हजार करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ था, जबकि इस बार दो हजार करोड़ से ज्यादा का रहा है। बीते वर्ष 28 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों ने इसमें हिस्सा लिया था तो इस साल यह संख्या 29 हो गई। पिछले वर्ष 12 देशों ने भागीदारी की थी तो इस बार यह संख्या 13 रही। यहां तक कि पिछले वर्ष मेले में लगभग 3,000 स्टॉल लगे तो अबकी बार इनकी संख्या भी 3500 तक चली गई।
ओडिशा को स्वर्ण, असम के खाते में रजत
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के समापन समारोह में प्रतिभागी राज्यों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। राज्यों की श्रेणी में ओडिशा को स्वर्ण, असम को रजत और राजस्थान को कांस्य पदक मिला, जबकि स्वच्छ पैवेलियन श्रेणी में पंजाब को सोना, हरियाणा को रजत और छत्तीसगढ़ को कांस्य मेडल से सम्मानित किया गया। इसी तरह साझेदार राज्य बिहार और केरल व फोकस स्टेट दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, महाराष्ट्र व यूपी को भी सम्मानित किया गया।
इन सभी राज्यों के प्रतिनिधियों ने यह सम्मान आइटीपीओ के सीएमडी प्रदीप सिंह खोरोला, ईडी रजत अग्रवाल, ओएसडी (एडमिन) कर्नल पुष्पम कुमार व जीएम बीके दूबे व हेमा मैती से ग्रहण किया। विषय आधारित प्रस्तुति की श्रेणी में मध्य प्रदेश को सोना, त्रिपुरा को रजत और आंध्र प्रदेश को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।