Move to Jagran APP

दिल्ली में आरोपित को छुड़वाने के लिए लोगों ने पुलिस बूथ पर किया हमला, वीडियो वायरल

दिल्ली में चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक आरोपित को छुड़वाने के लिए उसके परिजन और लोगों ने पुलिस बूथ पर हमला कर दिया। बुधवार रात हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

By Jagran NewsEdited By: Nitin YadavPublished: Fri, 31 Mar 2023 07:27 AM (IST)Updated: Fri, 31 Mar 2023 07:27 AM (IST)
दिल्ली में आरोपित को छुड़वाने के लिए लोगों ने पुलिस बूथ पर किया हमला, वीडियो वायरल
दिल्ली में आरोपित को छुड़वाने के लिए लोगों ने पुलिस बूथ पर किया हमला।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। उत्तर-पश्चिमी जिले में अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्हें पुलिस का भी डर नहीं है। वह पुलिसकर्मियों पर हाथ उठाने से भी कतरा नहीं रहे हैं। पुलिसकर्मियों के साथ सरेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं।

loksabha election banner

मुखर्जी नगर इलाके की इंदिरा विकास कालोनी में आरोपित को छुड़ाने के लिए उसके स्वजन व आसपास के लोगों ने पुलिस बूथ पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है।

उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त जितेंद्र मीना ने बताया कि मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र की इंदिरा विकास कालोनी में बुधवार रात पुलिसकर्मी गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े देखा। जब पुलिस कर्मी युवक का आधार कार्ड व पहचान पत्र जांचने लगे व उससे पूछताछ करने लगे तो वह भड़क गया। पुलिस कर्मियों से बहसबाजी करने लगा।

इसके बाद पुलिसकर्मी उसे (दीपक) पुलिस बूथ पर ले गए। पीछे से उसके स्वजन भी पहुंच गए व पुलिस कर्मियों से कहासुनी करने लगे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दीपक, उसके भाई बिरजू व दोस्त शोएब को गिरफ्तार कर लिया।

दंगे में शामिल था आरोपित: पुलिस

जांच के दौरान पता लगा कि आरोपित दीपक पहले भी दंगे के मामले में शामिल रहा है। वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। प्रसारित वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आरोपित दीपक पुलिस बूथ के अंदर खड़ा होता है। वह बाहर निकलने की कोशिश कर रहा होता है। बाहर खड़े उसके स्वजन उसे छुड़वाने की कोशिश करते हैं। महिला समेत सभी आरोपित पुलिस कर्मियों से भिड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस कर्मियों की वर्दी पकड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान आरोपित दीपक बूथ से बाहर आ जाता है। पुलिस कर्मियों से उनकी लाठी भी छीनने का प्रयास करता है। बाद में उन्हें खदेड़ने के लिए पुलिस कर्मी लाठी घुमाते हैं और आरोपित तितर-बितर जाते हैं।

पुलिसकर्मी आरोपित दीपक को वापस बूथ में ले जाते हैं, लेकिन आरोपित पुलिस कर्मियों से बदतमीजी करता रहता है। इसी हाथापाई में पुलिस कर्मी बाइकों पर गिर जाते हैं। बावजूद इसके आरोपित गाली, गलौज करते रहते हैं।

बदमाशों ने पुलिसकर्मी पर किया हमाल, लूटा

सिग्नेचर ब्रिज के पास लघुशंका कर रहे दिल्ली यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल को दो बदमाशों ने लूट लिया। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने हाथ पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिसकर्मी के घायल होने पर बदमाश उनसे छह हजार रुपये, मोबाइल व डेबिट कार्ड सहित अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। घायल मोहित कुमार को जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती करवाया।

पीड़ित की शिकायत पर न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने लूट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत की है। दिल्ली यातायात पुलिस में हेड कांस्टेबल मोहित कुमार परिवार के साथ गाजियाबाद के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-एक में रहते हैं। फिलहाल माडल टाउन सर्कल में तैनात हैं। बुधवार रात वह बाइक से ड्यूटी से घर लौट रहे थे। 10:15 बजे सिग्नेचर ब्रिज के पास उन्होंने बाइक रोककर लघुशंका करने लगे। उसी दौरान दो बदमाश आए और धक्का देकर उन्हें झाड़ियों में गिरा दिया। खुद भी झाड़ियों में कूद गए और चाकू निकालकर उनसे लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके हाथ पर चाकू से हमला कर दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.