Delhi Rain News Update: बारिश से सड़कों पर भरा पानी, बारापूला पर लगा भीषण जाम; दफ्तर के लिए निकले लोग परेशान
Delhi Weather Forecast Rain News Update शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश के चलते कई जगहों पर सड़कों पर पानी भी भर गया है। इससे वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी हो रही है।
नई दिल्ली, जागरण संवादताता। Delhi Weather Forecast Rain News Update: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह एक घंट से भी अधिक समय तक चली झमाझम बारिश के चलते कई जगह सड़कों पानी भर गया, जिससे जाम लगने की भी खबर हैं। वहीं, दिल्ली के बारापूला फ्लाईओवर पर बारिश के चलते भीषण जाम लगा हुआ है। इसके चलते अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, सफदरजंग, आइएनआइ जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि सुबह हुई बारिश से तापमान में हल्की गिरावट हुई है, तो ठंड में भी इजाफा हुआ है। शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश के चलते कई जगहों पर सड़कों पर पानी भी भरा हुआ है। इससे वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी हो रही है। खासकर दफ्तर के लिए निकले लोगों को परेशानी हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक, अगले कुछ घंटों के दौरान दिल्ली के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, रेवाड़ी, बावल, फर्रूखनगर, झज्जर, हांसी, कोसली, बल्लभगढ़ (हरियाणा) के साथ नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ में बारिश होगी। इसी के साथ इन इलाकों में 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे से रफ्तार हवाएं चलेंगी।
सरसों की फसल को नुकसान
मिली जानकारी के मुताबिक, फरीदाबाद में हुई बारिश के कारण खेतों में सरसों की फसल जमीन पर बिछ गई है,इससे किसानों को भारी नुकसान हो सकता है।
इससे पहले पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से गुरुवार शाम दिल्ली-एनसीआर में जमकर बारिश हुई जिसकी वजह से मौसम में ठंड बढ़ गई है। बुधवार से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहेगा। दिन में तेज हवा के साथ ओले व भारी बारिश की संभावना है। स्काईमेट वेदर ने एडवाइजरी भी जारी की है। शनिवार दोपहर से मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि होली से अगले दो दिन तक फिर से बारिश का दौर चलने का पूर्वानुमान है।
बुधवार देर रात से बृहस्पतिवार सुबह तक भी दिल्ली में कई जगह बारिश हुई। बृहस्पतिवार को दिनभर बादल छाए रहे। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान जहां सामान्य स्तर पर 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 64 से 100 फीसद रहा। सुबह साढ़े आठ बजे तक 4.2 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। पालम में य 5.6, लोधी रोड पर 3.6, रिज क्षेत्र में 7.7 जबकि आया नगर में 3.0 मि.मी. बारिश हुई। देर शाम तेज हवा के साथ जो बारिश का दौर शुरू हुआ, वह शुक्रवार को भी जारी रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को 40 से 45 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलेगी। तेज हवा के साथ ही मध्यम स्तर की बारिश होगी। कुछ जगहों पर ओले पड़ सकते हैं।
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शनिवार दोपहर से मौसम के रुख में बदलाव आएगा और धूप निकलने के भी आसार हैं। दूसरी तरफ स्काईमेट वेदर ने दिल्ली एनसीआर और नोएडा के लिए एडवाइजरी जारी की है।
स्काईमेट के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार को दिन में हवा और बारिश सबसे ज्यादा रहेगी। इसलिए घर-दफ्तर से निकलते हुए सावधानी बरतने के साथ-साथ वाहन भी ऐसी जगह ही पार्क करें जहां आसपास पेड़ या होर्डिंग न हों। इसके अलावा घर से निकलते समय छाता लेकर निकलें।