Delhi Metro: मजेंटा लाइन पर साढ़े तीन घंटे प्रभावित रहा मेट्रो का परिचालन, तकनीकी खराबी के चलते धीमी थी रफ्तार
मजेंटा लाइन (जनकपुरी पश्चिम-बोटेनिकल गार्डन) पर तकनीकी खराबी के कारण बृहस्पतिवार शाम को करीब साढ़े तीन घंटे मेट्रो का परिचालन प्रभावित रहा। इस वजह से शाम को व्यस्त समय में मजेंटा लाइन की मेट्रो में सफर यात्रियों के लिए परेशानी भरा रहा।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मजेंटा लाइन (जनकपुरी पश्चिम-बोटेनिकल गार्डन) पर तकनीकी खराबी के कारण बृहस्पतिवार शाम को करीब साढ़े तीन घंटे मेट्रो का परिचालन प्रभावित रहा। इस वजह से शाम को व्यस्त समय में मजेंटा लाइन की मेट्रो में सफर यात्रियों के लिए परेशानी भरा रहा।
चार स्टेशन की दूरी के लिए लगा आधा घंटा
मेट्रो को तीन से चार स्टेशन के बीच की दूरी तय करने में करीब आधा घंटा समय लग रहा था। इससे सफर में यात्रियों को परेशानी हुई। इस बाबत यात्रियों ने ट्वीट कर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) से शिकायत की। रात नौ बजे मजेंटा लाइन पर परिचालन सामान्य हो गया।
इस मामले पर डीएमआरसी ने अधिकारिक बयान जारी कर घटना का कारण स्पष्ट नहीं किया है। डीएमआरसी का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण मुनिरका से वसंत विहार के बीच मेट्रो की रफ्तार धीमी रही। परिचालन बंद नहीं हुआ था। धीमी गति से मेट्रो का परिचालन हुआ।
नौ बजे तक समस्या रही बरकरार
बताया जा रहा है कि सिग्नल सिस्टम में खराबी के कारण समस्या हुई। डीएमआरसी ने शाम 5:25 बजे ट्वीट करके मजेंटा लाइन पर मुनिरका से वसंत विहार के बीच परिचालन प्रभावित होने की सूचना दी, लेकिन इस असर मजेंटा लाइन के पूरे हिस्से पर पड़ा। रात करीब नौ बजे तक यह समस्या बरकरार रही। इससे पश्चिमी दिल्ली दक्षिणी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली से नोएडा के बीच सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी अधिक हुई।
अनुज कुमार नामक एक यात्री ने ट्वीट कर कहा कि मजेंटा लाइन पर सफर का अनुभव बहुत खराब रहा। हौज खास से आरके पुरम पहुंचने में ही आध घंटा समय लग गया और मेट्रो आरके पुरम में रुकी हुई है। जतिन गौतम ट्वीट कर कहा कि नेहरू एंक्लेव से मुनिरका पहुंचने में 40 मिनट समय लग गया। अब भी मेट्रो धीमी चल रही है। इस तरह के कई ट्वीट कर यात्रियों ने अपनी समस्याएं बताई और डीएमआरसी से शिकायत की।