लॉकडाउन: पुलिस की गाड़ी में विदा हुई दुल्हन, लोगों ने दिल खोल कर की दिल्ली पुलिस की तारीफ
लॉकडाउन लागू होने के कारण कालकाजी पुलिस की मदद से गोविंदपुरी निवासी कौशल की शादी पूजा नाम की युवती से हो पाई।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। ग्रेटर कैलाश-1 इलाके के आर्य समाज मंदिर में शनिवार को शादी के बाद दुल्हन की विदाई डोली के बजाय पुलिस की जिप्सी में हुई। लॉकडाउन लागू होने के कारण कालकाजी पुलिस की मदद से गोविंदपुरी निवासी कौशल की शादी पूजा नाम की युवती से हो पाई। दूल्हा-दूल्हन की तरफ से नियमों का उल्लंघन न हो, इसके लिए शादी में दोनों तरफ से केवल पांच-पांच लोग शामिल हुए। शादी के बाद दोनों के परिवार ने पुलिस का शुक्रिया अदा किया है।
लॉकडाउन के कारण हुई परेशानी
दक्षिणी-पूर्वी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि गोविंदपुरी निवासी नरेश ने कालकाजी थाने में तैनात हेडकांस्टेबल अनिल कुमार और संजीव से संपर्क कर अपने बेटे की शुक्रवार को शादी होने की जानकारी दी। नरेश ने बताया कि लॉकडाउन में उन्हें ग्रेटर कैलाश-1 में स्थित आर्य समाज मंदिर तक गाड़ी लेकर जाने की मनाही है, जिससे उनके बेटे की शादी में परेशानी खड़ी हो गई है।
पुलिस को बताने पर हुआ समाधान
समस्या की जानकारी कालकाजी के एसएचओ संदीप घई को मिली। एसएचओ ने तत्काल दूल्हे के परिवार को पुलिस जिप्सी से आर्य समाज मंदिर भिजवाने का इंतजाम किया, जहां दुल्हन पूजा व उसका परिवार पहले से मौजूद था। इस दौरान शारीरिक दूरी का पूरी तरह से पालन किया गया। शादी संपन्न होने के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को पुलिस जिप्सी से लाए।
महिला सफाईकर्मी की रिपोर्ट नेगिटिव
इधर, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में तैनात महिला कर्मचारी की रिपोर्ट अब कोरोना नेगेटिव आई है। इसके बाद निगम ने अपने उस स्टॉफ को आइसोलेशन से रखने का फैसला वापस ले लिया है जो कर्मचारी के संपर्क में आए थे। मिली जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर-6 टैगोर गार्डन में तैनात महिला सफाईकर्मी सुनीता को बृहस्पतिवार को कोरोना पॉजिटिव बताया था, लेकिन शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। निगम ने कर्मचारी को 14 दिन के क्वारंटाइन के लिए कहा है। साथ ही नौ अन्य कर्मचारियों के आइसोलेशन में रहने के आदेश वापस ले लिए हैं।