विदेश से आने वाले भारतीयों के लिए सरकार ने की है सभी व्यवस्थाएंः केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि विदेश से आने वाले भारतीयों के लिए उनकी सरकार ने सभी व्यवस्थाएं की हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि विदेश से आने वाले भारतीयों के लिए उनकी सरकार ने सभी व्यवस्थाएं की हैं। दिल्ली सरकार ने विदेश से आने वाले लोगों के क्वारंटाइन के लिए दिल्ली के सभी 11 जिलों के होटलों में व्यवस्था करने के आदेश दिए हैं। यहां विदेश से आने वाले नागरिक दिल्ली पहुंचने के बाद 14 दिन रुकेंगे। क्वारंटाइन सेंटर भेजने के पूर्व सभी यात्रियों की जांच की जाएगी।
दिल्ली की स्वास्थ्य सचिव पद्मिनी सिंगला ने विशेष स्वास्थ्य सचिव शिल्पा शिंदे को भारत सरकार के विदेश मंत्रलय व राजधानी के जिलाधिकारियों से समन्वय करने के लिए कहा है। नई दिल्ली जिलाधिकारी एयरपोर्ट अधिकारियों से समन्वय करेंगी।
नोडल अधिकारी तैनात
विदेश से जितने लोग दिल्ली पहुंचेंगे उनकी सूची विदेश विभाग एक दिन पूर्व ही दिल्ली सरकार को दे देगा। प्रत्येक जिलाधिकारी पर्याप्त डाटा एंट्री स्टाफ रखेंगे जो प्रत्येक यात्री के विवरण का डाटा तैयार करेगा। यह डाटा वर्तमान में व भविष्य में इन यात्रियों के रिकॉर्ड के रूप में इस्तेमाल होगा। हर जिलाधिकारी एक नोडल अधिकारी तैनात करेंगे जो यात्रियों को अपने जिले के निर्धारित सेंटर पर पहुंचने का इंतजाम करेंगे। इसके बाद यात्री अलग-अलग सेंटर में भेजे जाएंगे।
3,000 से अधिक भारतीयों का होगा आगमन
लॉकडाउन के कारण विदेश में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए सरकार ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए आइजीआइ एयरपोर्ट से बृहस्पतिवार से विशेष उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। उम्मीद है अगले सात दिनों में एयरपोर्ट पर 3,000 से अधिक भारतीयों का आगमन होगा। इसके लिए एयरपोर्ट पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि यात्रियों की जांच के लिए एयरपोर्ट पर पांच स्क्रीनिंग काउंटर बनाए गए है। स्क्रीनिंग के बाद उन्हें अलग-अलग प्रावधानों के तहत एयरपोर्ट से बाहर निकाला जाएगा।