Mundka Fire Accident: मुंडका अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को केजरीवाल सरकार देंगी 10-10 लाख रुपये
Mundka Fire Accident मुंडका अग्निकांड के समय तत्काल मृतकों के परिजनों को राहत के लिए एक-एक लाख रुपये दिए गए थे। उसके बाद मृतकों के डीएनए जांच की रिपोर्ट आने का इंतजार था। दिल्ली पुलिस से डीएनए प्रोफाइलिंग रिपोर्ट के इंतजार में शेष राशि नहीं दी गई थी।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। दिल्ली सरकार मुंडका अग्निकांड और जामिया नगर के रेस्टोरेंट में जान गंवाने वाले कुल 29 लोगों के परिजनों को 10-10 रुपये देगी। अनुग्रह राशि देने वाले इस प्रस्ताव को सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके अलावा दोनों अग्निकांड में घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद भी दी जाएगी। राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार पीडि़तों के साथ हमेशा खड़ी है।
मालूम हो कि 13 मई 2022 को मुंडका इलाके में एक चार मंजिला इमारत में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई थी। भीषण अग्निकांड में लोगों को बचने तक का मौका नहीं मिला था। वहीं इससे पहले 14 अप्रैल 2022 को जामिया नगर इलाके में वफल मेनिया नाम के रेस्टोरेंट में आग लगने से दो लोगों की मौत हुई थी जबकि कई लोग घायल हुए थे।
उन सभी मृतकों के परिजनों को सरकार आर्थिक सहायता राशि के रूप में यह अनुग्रह राशि दे रही है।मुंडका अग्निकांड के समय तत्काल मृतकों के परिजनों को राहत के लिए एक-एक लाख रुपये दिए गए थे। उसके बाद मृतकों के डीएनए जांच की रिपोर्ट आने का इंतजार था।
दिल्ली पुलिस से डीएनए प्रोफाइलिंग रिपोर्ट के इंतजार में शेष राशि नहीं दी गई थी। कैलाश गहलोत ने कहा कि हमें इस बात का एहसास है की कोई भी अनुग्रह राशि परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन फिर भी मुझे उम्मीद है कि इस सहायता से परिवार के सदस्यों को कुछ मदद मिलेगी।