अनचाहे गर्भ से निजात दिलाएगा यह नया इंजेक्शन ‘अंतरा’, जानें खूबियां
गर्भनिरोधक इंजेक्शन ‘अंतरा’ का असर तत्काल होता है और तीन महीने तक रहता है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। परिवार नियोजन के लिए अब महिलाओं को गर्भ निरोधक गोलियां खाने या कॉपर- टी लगाने की जरूरत नहीं रहेगी। अनचाहे गर्भ से निजात के लिए महिलाओं को अंतरा नामक टीके लगाए जाएंगे। यह टीका सोमवार से दिल्ली सरकार के अस्पतालों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त में उपलब्ध रहेगा।
टीके के बाद तीन माह तक अनचाहे गर्भ से छुटकारा मिल सकेगा। टीके की विधिवत लॉचिंग अलीपुर जिला अधिकारी (उत्तरी) कार्यालय में दो दिवसीय परिवार नियोजन कार्यशाला में हुई। योजना के लिए उत्तरी जिले को नोडल जिला बनाया गया है।
क्या है 'अंतरा'
गर्भनिरोधक इंजेक्शन ‘अंतरा’ का असर तत्काल होता है और तीन महीने तक रहता है। तीन महीने के बाद और इंजेक्शन लगाकर गर्भनिरोध की अवधि को लम्बे समय तक बढ़ाया जा सकता है।
यह भी जानें
बता दें कि एक अनुमान के मुताबिक 11 जुलाई 2017 तक भारत की जनसंख्या एक अरब 34 करोड़ हो चुकी है, जो विश्व के कुल जनसंख्या 7.5 अरब का 17.86 प्रतिशत है।
अगर देश में जनसंख्या वृद्धि दर यही रहा तो आने वाले 2025-30 तक यह बढ़कर एक अरब 65 करोड़ हो जाएगी, जो विश्व में सबसे ज्यादा होगा। तब विश्व की आबादी बढ़ कर आठ अरब 14 करोड़ हो जाएगी।
इस पर लगाम लगाने के लिए वर्ष 2012 में लंदन में 60 देशों की बैठक हुई। जिसमें भारत को लक्ष्य दिया गया कि वर्ष 2020 तक देश में गर्भ निरोधकों के लिए 4.8 करोड़ नए उपभोक्ता तैयार किए जाए। इसी को ध्यान में रखते हुए सोमवार को दिल्ली सरकार इंजेक्शन वाले गर्भनिरोधक की शुरुआत करने जा रही है।