Delhi Library Closed: दिल्ली सरकार द्वारा संचालित लाइब्रेरी हुई बंद, लाइब्रेरियन बोले- शिक्षा के ऊपर कुठाराघात
नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में दिल्ली गेट के समीप दिल्ली सरकार के द्वारा संचालित एक मात्र लाइब्रेरी को हमेशा के लिए बंद कर दिया गया। तब से विकल्प के तौर पर एक लाइब्रेरी वैन नजफगढ़ में आती है। (फाइल फोटो)
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में दिल्ली गेट के समीप दिल्ली सरकार के द्वारा संचालित एक मात्र लाइब्रेरी को हमेशा के लिए बंद कर दिया गया। तब से विकल्प के तौर पर एक लाइब्रेरी वैन नजफगढ़ में आती है, लेकिन यह चलती फिरती लाइब्रेरी किसी भी स्थायी लाइब्रेरी की जगह नहीं ले सकती। यही वजह है कि जो बच्चे पढ़ाई के प्रति रुचि रखते हैं, उन्हें इस तरह की सुविधा के लिए 30 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।
बढ़नी चाहिए लाइब्रेरी की संख्या
स्थानीय लोगों का एक स्वर में कहना है कि लाइब्रेरी की संख्या बढ़ानी चाहिए ताकि हमारी शिक्षा व्यवस्था बेहतर हो और समाज समृद्ध हो सके। इस तरह से लाइब्रेरी को बंद करना शिक्षा के दरवाजे बंद करने जैसा है। शिक्षा के लिए दरवाजे खोले जाते हैं बंद नहीं किया जाता है। ऐसा करना शिक्षा के ऊपर कुठाराघात है।
लाइब्रेरी बंद होने पर क्या बोले स्थानीय लोग
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के काफी बच्चे नजफगढ़ में रहते हैं जो पढ़ाई के प्रति काफी जागरूक हैं। कई बच्चों की दिनचर्या भी लाइब्रेरी से शुरू होती है। इस तरह से लाइब्रेरी को बंद करना उचित नहीं था। दिल्ली सरकार के साथ नगर निगम को लाइब्रेरी की व्यवस्था करनी चाहिए।
-रमेश चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता
समाज को सभ्य व सुंदर बनाने के लिए शिक्षा ही सबसे महत्वपूर्ण है। यह सबसे बड़ा दुर्भाग्य है कि बढ़ती आबादी के साथ नजफगढ़ में एक और लाइब्रेरी की जरूरत थी। दूसरी लाइब्रेरी बनाने के बजाए इकलौते लाइब्रेरी भी बंद कर दिया गया।
-डाक्टर नीरज वत्स, शिक्षक
अभी बजट के दौरान केंद्र सरकार डिजिटल लाइब्रेरी बनाने पर जोर दिया। यह एक सकरात्मक पहलु है। लेकिन नजफगढ़ की लाइब्रेरी को बंद कर एक तरह से कुठराघात किया गया है।
-महेशचंद्र शर्मा, लाइब्रेरियन
नजफगढ़ के बच्चे नशे के जाल में फंसते जा रहे हैं। इनको अगर बचाना है तो इनकी शिक्षा पर ध्यान दिया जाना चाहिए। इसलिए वे नजफगढ़ में नशामुक्त अभियान भी चला रहे हैं। इसके साथ अब नजफगढ़ में निगम की ओर से लाइब्रेरी खाेलने का प्रयास किया जाएगा।
-अमित खड़खड़ी, निगम पार्षद, नजफगढ़