बेटी ने ब्वॉयफ्रेंड संग किया अपने मां-बाप का मर्डर, खुला राज तो चौंक गई 2 राज्यों की पुलिस
बेटी ने बॉयफ्रेंड की मदद से न केवल बेरहमी से अपने मां-बाप हत्या कर दी बल्कि उनकी डेडबॉडी को साजिश के तहत सूटकेस में पैक करके बहते हुए नाले में डाल दिया।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में बेटी द्वारा अपने ही माता-पिता की हत्या करने का बेहद हैरतअंगेज मामला सामने आया है। जांच में पता चला है कि एक बेटी ने बॉयफ्रेंड की मदद से न केवल अपने मां-बाप हत्या कर दी, बल्कि उनकी डेडबॉडी को साजिश के तहत सूटकेस में पैक करके बहते हुए नाले में डाल दिया। वहीं, ड्रेन (नाले) में सूटकेस के फंस जाने से इस दोहरे हत्याकांड की साजिश से पर्दा उठ गया। पुलिस ने बेटी और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है।
खुलासा हुआ है कि संपत्ति हड़पने के इरादे से प्रेमी के साथ मिलकर बेटी ने माता-पिता की गला घोटकर हत्या कर दी। बेटी की चालाकी तब धरी की धरी रह गई जब पुलिस ने बेटी के बयान और तकनीकी जांच के दौरान मिली जानकारियों में अंतर पाया। पुलिस ने जब शक होने पर बेटी से पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। पुलिस ने मृतक दंपती की आरोपित बेटी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपित की पहचान दिल्ली निवासी देवेंदर कौर (26) और प्रेमी लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन निवासी प्रिंस दीक्षित उर्फ विक्रम (29) के रूप में हुई है। अब पुलिस को मामले में विक्रम के दो अन्य साथियों की तलाश है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त एसपी कुरुविला ने बताया कि आठ मार्च को नांगलोई सैयद गांव के नाले से एक सूटकेस में महिला का शव मिला। पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। शव की शिनाख्त दीपक विहार, निलोठी निवासी जागीर कौर के रूप में हुई। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि जागीर का पति गुरमीत सिंह भी घर से गायब हैं। छानबीन के दौरान अगले ही दिन उसी नाले से सूटकेस से पुलिस ने गुरमीत सिंह का भी शव बरामद किया।
पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिए। इधर पुलिस ने जागीर कौर व गुरमीत सिंह की बेटी देवेंदर कौर उर्फ सोनिया से पूछताछ की तो उसके बयानों पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ तो सोनिया ने माता-पिता की हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपित बेटी ने पुलिस को बताया कि उसने प्रेमी के साथ मिलकर प्रॉपर्टी कब्जाने के लिए माता-पिता की हत्या कर दी थी। पुलिस ने सोनिया की निशानदेही पर प्रिंस दीक्षित उर्फ विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपित सोनिया ने बताया कि वह अपने माता-पिता व एक छोटी बहन के साथ दीपक विहार, निलोठी में 110 गज के मकान में रहती है। पति से झगड़े के बाद सोनिया की मुलाकात लखनऊ के रहने वाले विक्रम से हुई। विक्रम का उसके घर आना-जाना हो गया। सोनिया के पिता गुरमीत सिंह को विक्रम का आना-जाना पसंद नही था। इधर विक्रम की नजर सोनिया के मकान पर थी। उसने सोनिया के साथ मिलकर छह माह पूर्व मकान को बेचने की कोशिश की। पिता गुरमीत ने इस पर नाराजगी जताई थी।
मकान को हड़पने के लिए विक्रम ने सोनिया के साथ मिलकर उसके माता-पिता की हत्या की योजना बनाई। पिता की मौत के बाद दस फरवरी को जागीर कौर जालंधर स्थित अपने मायके चली गई। इस बीच 21 फरवरी को सोनिया ने विक्रम को बताया कि उसका पिता घर में अकेला है। रात के समय विक्रम अपने दो दोस्तों के साथ घर पहुंचा। सोनिया ने पहले ही चाय में पिता को नींद की गोलियां दे दी थी।
पिता गुरमीत के सोते ही विक्रम ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। 21 फरवरी की रात को शव को सूटकेस में डालकर सैयद गांव के नाले में फेंक दिया। इधर दो मार्च को मां जागीर कौर वापस लौटी तो सोनिया ने वैसे ही किया। दो मार्च को विक्रम ने उसकी भी हत्या कर शव को उसी जगह नाले में फेंक दिया।
दिल्ली-एनसीआर की महत्वपूर्ण खबरें पढ़ें यहां, बस एक क्लिक पर