विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जीबी पंत अस्पताल में दिल के रोगियों के लिए राहत, अब कम पैसे में डाले जा रहे दवायुक्त स्टेंट, कीमत जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर

By Ranbijay Kumar SinghEdited By: Pradeep Chauhan
Published: Mon, 21 Feb 2022 07:53 AM (IST)

बीपीएल कार्डधारक मरीजों को निश्शुल्क स्टेंट उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। एम्स और आरएमएल अस्पताल में भी स्टेंट के लिए ...और पढ़ें

जीबी पंत अस्पताल प्रशासन ने पिछले साल स्टेंट की उपलब्धता के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी।
जीबी पंत अस्पताल प्रशासन ने पिछले साल स्टेंट की उपलब्धता के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल की धमनियों में ब्लाकेज व हार्ट अटैक के मरीजों के लिए एक राहत देने वाली खबर है। दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में अब 9,450 रुपये से लेकर 23,620 रुपये तक के दवायुक्त स्टेंट उपलब्ध हैं। इसलिए मरीज को पहले की तरह मजबूरी में अधिक कीमत पर स्टेंट खरीदने की जरूरत नहीं है। वह अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार स्टेंट का चयन कर सकेंगे। जीबी पंत अस्पताल में पिछले मंगलवार से 9,450 व 11,550 रुपये के दवायुक्त स्टेंट से एंजियोप्लास्टी शुरू हो गई है।

जीबी पंत अस्पताल के डाक्टर बताते हैं कि जल्द ही राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी व जनकपुरी स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भी निर्धारित कीमत पर स्टेंट मिलने लगेंगे। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलेगी और कम खर्च में उनका इलाज सुनिश्चित हो सकेगा। जीबी पंत अस्पताल में दूसरे राज्यों से आने वाले मरीजों को भी इसका फायदा मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि स्टेंट की कीमतें पहले बहुत अधिक थी। केंद्र सरकार ने फरवरी 2017 में स्टेंट की कीमतें 85 प्रतिशत तक कम कर दी थीं। इसके बाद मार्च 2020 में राष्ट्रीय औषध मूल्य निर्धारण प्राधिकरण द्वारा किए गए संशोधन के तहत अभी बगैर दवा वाले स्टेंट का अधिकतम शुल्क 8,261 रुपये, दवायुक्त व बायोडिग्रेडेबल स्टेंट का अधिकतम शुल्क 30,080 रुपये निर्धारित है। डाक्टरों के अनुसार, जीबी पंत अस्पताल में नई दरें लागू होने से पहले दवायुक्त स्टेंट की कीमत 23,625 रुपये निर्धारित थी। बीपीएल कार्डधारक मरीजों को निश्शुल्क स्टेंट उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। एम्स और आरएमएल अस्पताल में भी स्टेंट के लिए 23,030 रुपये खर्च करने पड़ते हैं।

जीबी पंत अस्पताल प्रशासन ने पिछले साल स्टेंट की उपलब्धता के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी। इसके तहत अस्पताल में अब एवरोलिमस व सिरोलिमस दवाई वाले स्टेंट कम दरों पर उपलब्ध हो गए हैं। स्टेंट की नई दरें अस्पताल की कैथ लैब के बाहर चस्पा कर दी गई हैं। डाक्टर कहते हैं कि हार्ट अटैक होने पर इमरजेंसी में निजी अस्पतालों में एंजियोप्लास्टी में तीन लाख से पांच लाख रुपये तक का खर्च होता है।

एवरोलिमस दवायुक्त स्टेंट का शुल्क:  इसमें छह तरह के स्टेंट उपलब्ध हैं। गुणवत्ता के अनुसार शुल्क 11,550 रुपये, 12,000 रुपये, 12,075 रुपये, 16,695 रुपये, 19,845 रुपये व 23,570 रुपये है। इन स्टेंट में दवा धीरे-धीरे शरीर में रिलीज होती है।

सिरोलिमस दवायुक्त स्टेंट की कीमत: इसमें पांच तरह के स्टेंट उपलब्ध हैं। गुणवत्ता के अनुसार उसके शुल्क 9,450 रुपये, 12,075 रुपये, 16,695 रुपये, 19,845 रुपये और 23,620 रुपये है।

बगैर दवा वाले स्टेंट महज 5,249 रुपये में उपलब्ध: जीबी पंत अस्पताल में मरीजों को बगैर दवा वाले स्टेंट महज 5,249 रुपये व 5,774 रुपये में उपलब्ध होंगे। हालांकि, इसकी गुणवत्ता अच्छी नहीं मानी जाती है। इसलिए बगैर दवा वाले स्टेंट का इस्तेमाल लगभग बंद हो गया है।