विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Election 2025: महिलाओं ने दिल्ली चुनाव में रचा इतिहास, चौंका देंगे ये आंकड़े

Published: Fri, 07 Feb 2025 01:31 PM (IST)

Delhi Vidhan Sabha Chunav में महिला मतदाताओं ने इतिहास रच दिया है। पहली बार महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से ...और पढ़ें

दिल्ली विधानसभा चुनाव में महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया है। जागरण फोटो
दिल्ली विधानसभा चुनाव में महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा मतदान किया है। जागरण फोटो

HighLights

  1. महिलाओं ने मतदान में पुरुषों का पछाड़ा।
  2. महिलाओं का मत प्रतिशत 60.92% रहा।
  3. पुरुषों ने 60.20% मतदान किया है।

रणविजय सिंह,  नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं ने इस बार इतिहास रचते हुए मतदान में पुरुषों को पछाड़ दिया है। यह पहला मौका है जब दिल्ली में पहली बार महिला मतदाताओं का मत प्रतिशत पुरुषों के मुकाबले अधिक रहा।

ऐसे में महिला मतदाताओं का वोट चुनाव परिणाम निर्धारित करने में अहम भूमिका निभाएगा। उनका वोट जिस दल को अधिक पड़ा होगा दिल्ली का ताज उसी के सिर सजेगा।  चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक दलों ने भी महिलाओं को साधने की पूरी कोशिश की और चुनाव की घोषणा से पहले से ही महिलाओं का मुद्दा छाया रहा।

(महिलाओं ने दिल्ली चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान किया। जागरण फोटो)

सबसे पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके बाद कांग्रेस व भाजपा ने हर महीने महिलाओं को उनके खाते में ढाई हजार रुपये देने की घोषणा की।

इसके अलावा भाजपा ने गर्भवती महिलाओं के लिए 21 हजार रुपये, गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर और होली व दीपावली में मुफ्त सिलेंडर देने की घोषणा की। इसका असर यह हुआ कि महिलाओं ने मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस वजह से महिलाओं का मत प्रतिशत 60.92 प्रतिशत रहा।

(युवा महिलाओं ने भी जमकर किया वोट। जागरण फोटो)

वहीं, 60.20 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया। आंकड़ों के अनुसार, इस बार 40 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं का मत प्रतिशत पुरुषों के मुकाबले ज्यादा रहा है। वहीं, 30 विधानसभा में पुरुषों का मत प्रतिशत अधिक है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि महिलाओं ने किस दल की घोषणाओं पर ज्यादा विश्वास जताया है।

(मुस्लिम महिलाओं ने भी जमकर वोट किया है। जागरण फोटो)

वैसे पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या अधिक होने के कारण छह लाख 34 हजार 337 वोट पुरुषों का अधिक पड़ा है। पिछले चुनाव में 31 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं का मत प्रतिशत पुरुषों से अधिक था। इससे पहले वर्ष 2015 में 15 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं का मत प्रतिशत अधिक रहा था।

दिल्ली में विधानसभा चुनावों में कुल मतदान, पुरुष व महिला मतदान के आंकड़े 

दिल्ली में कुल मतदाता- 1,56,14,000

पुरुष मतदाता- 83,76,173

महिला मतदाता- 72,36,560

थर्ड जेंडर मतदाता- 1267

चुनाव में हुआ कुल मतदान - 94,51,997

पुरुष मतदाताओं के पड़े वोट- 50,42,966

महिलाओं मतदाताओं के पड़े वोट- 44,08,629

थर्ड जेंडर मतदाताओं के पड़े वोट- 402