विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

खिड़की एक्सटेंशन में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, मौसेरा भाई गंभीर

Published: Sat, 30 Aug 2025 11:39 PM (IST)

दिल्ली के खिड़की एक्सटेंशन इलाके में बदमाशों ने एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और उसके मौसेरे ...और पढ़ें

खिड़की एक्सटेंशन में युवक की चाकू से गोदकर हत्या।
खिड़की एक्सटेंशन में युवक की चाकू से गोदकर हत्या।

HighLights

  1. दिल्ली खिड़की एक्सटेंशन में युवक की हत्या
  2. बदमाशों ने डिलीवरी ब्वाय से स्कूटी लूटी
  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। बदमाशों ने शुक्रवार देर रात का खिड़की एक्सटेंशन स्थित गुप्ता काॅलोनी में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, जबकि उसके मौसेरे भाई पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इस वारदात के कुछ देर बाद ही बदमाशों ने डिलीवरी ब्वाय को चाकू दिखाकर उसकी स्कूटी लूट ली और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या प्रयास और दूसरा लूट का मामला दर्ज किया है।

मूलरूप से उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी 19 वर्षीय विवेक कुमार अपने परिवार के साथ गुप्ता काॅलोनी में रहता था। विवेक और उसकी मौसी का लड़का अमन डीएलएफ माल में अलग-अलग रेस्टोरेंट में हेल्पर की नौकरी करते हैं।

यह दोनों ड्यूटी खत्म करके रात करीब दो बजे घर आ रहे थे। जब दोनों काॅलोनी में पहुंचे तो अचानक चार बदमाशों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने विवेक की छाती व पेट में एक के बाद चाकू के कई वार कर दिए। अमन पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया।

दोनों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी जागे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। स्वजन ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। यहां डाॅक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन गंभीर हालत में उपचाराधीन है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या व हत्या प्रयास का केस दर्ज किया है। चारों बदमाश कालोनी के ही बताए जा रहे हैं।

हत्या के एक घंटे बाद डिलीवरी ब्वाय से की लूट

विवेक की हत्या करने के करीब एक घंटे बाद बदमाशों ने इलाके में ही एक डिलीवरी ब्वाॅय को चाकू दिखाकर उसकी स्कूटी लूट ली। पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि रात करीब 2.53 बजे स्कूटी लूट की सूचना मिली थी। कालर ने बताया था कि चार बदमाशों ने वारदात की है। उनके हाथ पर खून लगा था और उनके पास चाकू था।

कुछ दिन पहले काॅलोनी के युवकों से हुआ था विवेक का झगड़ा

पुलिस छानबीन में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विवेक के भाई सचिन ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके भाई का काॅलोनी के ही युवकों से झगड़ा हुआ था। हालांकि मामला तभी शांत हो गया था।

सचिन ने उन्हीं पर हत्या का शक जाहिर किया है। पुलिस को मौके की सीसीटीवी फुटेज में आरोपी हाथ में चाकू लेकर जाते हुए नजर आ रहे हैं। इनकी पहचान भी कर ली गई है।

अमन ने घर की तरफ भागकर बचाई जान

बदमाश दोनों की हत्या के इरादे से ही घात लगाकर पहले से ही काॅलोनी में थे। जिस समय आरोपियों ने दोनों पर चाकू से हमला किया तो अमन कुछ दूरी पर ही विवेक के घर की तरफ भाग गया।

उसने विवेक के स्वजन को आवाज लगाई। जब तक आरोपी उसके पीछे भी आ गए थे। जैसे ही विवेक के स्वजन बाहर निकले तो आरोपी फरार हो गए।

स्वजन ने किया थाने के बाहर हंगामा

वारदात के बाद विवेक और अमन के स्वजन मालवीय नगर थाने पहुंच गए। यहां उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। विवेक के पिता सुरक्षाकर्मी अजय ने कहा कि इस हालात में तो लोगों का नौकरी करना भी मुश्किल हो जाएगा।

आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। विवेक की मां बेबी थाने के बाहर ही बेहोश हो गई। उन्हें जैसे तैसे संभाला गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस ने छावला गोलीकांड में कुख्यात नंदू-वेंकट गर्ग गैंग के दो शूटर्स को दबोचा